आईटीसी का 2035 तक आठ लाख करोड़ रुपये के एफएमसीजी बाजार का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
आईटीसी का 2035 तक आठ लाख करोड़ रुपये के एफएमसीजी बाजार का लक्ष्य


नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। देश की प्रमुख एफएमसीजी कंपनी आईटीसी लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) संजीव पुरी ने गुरुवार को कहा कि कंपनी ने 2035 तक अपने पैकेज्ड गुड्स व्यवसाय के लिए 8 लाख करोड़ रुपये के एड्रेसेबल मार्केट (कुल संभावित बाजार) का लक्ष्य रखा है। कंपनी ब्रांड निर्माण, डिजिटल वाणिज्य के विस्तार और रणनीतिक अधिग्रहणों के जरिये अपनी स्थिति मजबूत करने पर ध्यान दे रही है।

आईटीसी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए पुरी ने कहा कि भारतीय एफएमसीजी बाजार 'उल्लेखनीय विस्तार' के लिए तैयार है, देश का उपभोक्ता परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। उन्होंने बताया कि कंपनी इस विशाल अवसर को भुनाने के लिए ब्रांड-बिल्डिंग, एआई-संचालित उपभोक्ता अंतर्दृष्टि, डिजिटल कॉमर्स और रणनीतिक अधिग्रहण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। पुरी ने कहा कि आकांक्षी भारत का उदय, प्रीमीयमीकरण, जेन-जेड और जेन-अल्फा उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या, डिजिटल पहुंच का विस्तार और त्वरित वाणिज्य (क्विक कॉमर्स) का बढ़ता चलन उत्पाद श्रेणियों, वितरण माध्यमों और उपभोक्ताओं की अपेक्षाओं को नए सिरे से परिभाषित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इन रुझानों का लाभ उठाने के लिए आईटीसी कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित उपभोक्ता अंतर्दृष्टि प्रणाली का उपयोग कर रही है, जिससे सूक्ष्म स्तर पर उपभोक्ताओं का वर्गीकरण संभव हो रहा है और उनकी बदलती जरूरतों, जीवनशैली तथा उपभोग के अवसरों के अनुरूप अलग-अलग उत्पाद विकसित किए जा रहे हैं। पुरी ने कहा कि वर्ष 2035 तक कंपनी का लक्षित बाजार लगभग आठ लाख करोड़ रुपये का होने का अनुमान है, जो वृद्धि की अपार संभावनाओं को दर्शाता है। भारत का उपभोक्ता परिदृश्य भी तेजी से बदल रहा है। पुरी ने कहा कि आईटीसी के दैनिक उपभोग की वस्तुओं (एफएमसीजी) कारोबार ने मजबूत वृद्धि बनाए रखी है।

उन्होंने बताया कि कंपनी के पास अब 30 से अधिक विश्वस्तरीय एफएमसीजी ब्रांड हैं। इनसे प्राप्त राजस्व वित्त वर्ष 2020-21 के लगभग 14,720 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 24,200 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। साथ ही लाभप्रदता में भी लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि एफएमसीजी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी बनने की हमारी आकांक्षा इसी व्यापक दृष्टि पर आधारित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story