सेल आइएसपी बर्नपुर में यूनियन चुनाव की तैयारी तेज

WhatsApp Channel Join Now
सेल आइएसपी बर्नपुर में यूनियन चुनाव की तैयारी तेज


सेल आइएसपी बर्नपुर में यूनियन चुनाव की तैयारी तेज


पश्चिम बर्दवान, 22 अगस्त (हि.स.)।

सेल-इस्को स्टील प्लांट (आइएसपी) बर्नपुर में ट्रेड यूनियन चुनाव की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिख रही है। केंद्रीय श्रम विभाग ने यूनियनों की सदस्यता सत्यापन और गुप्त मतदान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 27 अगस्त 2026 को महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।

बैठक दोपहर 2:30 बजे आसनसोल के कन्यापुर स्थित उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) के कार्यालय में होगी। इसमें आइएसपी प्रबंधन और संबंधित ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

बैठक में चुनाव की तारीख, मतदाता सूची की कट-ऑफ डेट, नामांकन की तारीख, चुनाव चिह्न आवंटन और चुनाव कार्यक्रम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर फैसला होने की संभावना है।

श्रम विभाग के निर्देश के अनुसार, प्रत्येक यूनियन की ओर से अधिकतम दो प्रतिनिधि बैठक में शामिल हो सकेंगे। अध्यक्ष और महासचिव को प्रतिनिधित्व के लिए प्राथमिकता दी गई है।

बैठक में नहीं पहुंचने वाली यूनियन पर सीएलसी ने महत्वपूर्ण निर्देश दिया है।

श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई यूनियन निर्धारित समय और तारीख पर बैठक में शामिल नहीं होती है, तो यह माना जा सकता है कि वह आगामी गुप्त मतदान चुनाव में भाग लेने में रुचि नहीं रखती। ऐसे में 27 अगस्त की बैठक सभी संबंधित यूनियनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गई है।

आइएसपी प्रबंधन को भी निर्देश दिया गया है कि श्रम विभाग के पत्र की प्रति सभी संबंधित ट्रेड यूनियनों को उपलब्ध कराए और उसकी प्राप्ति की पुष्टि श्रम विभाग के कार्यालय में जमा करे।

चुनावी प्रक्रिया में आसनसोल आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), एबीके मेटल एंड इंजीनियरिंग वर्कर्स यूनियन (सीटू), यूनाइटेड आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन (एटक), बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ (बीएमएस), आयरन, स्टील एंड इंजीनियरिंग वर्कर्स यूनियन (एचएमएस), इस्को वर्क्स मजदूर यूनियन और इस्को एम्पलाइज यूनियन (एआइयूटीयूसी) शामिल हैं।

सभी की नजरें 27 अगस्त की बैठक पर हैं। इस बैठक के बाद आइएसपी बर्नपुर में यूनियन चुनाव की तारीख और पूरा चुनाव कार्यक्रम स्पष्ट होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Share this story