वेदांत पॉली फैब्स ने निवेशकों को किया निराश, फ्लैट लिस्टिंग के बाद लगा लोअर सर्किट

WhatsApp Channel Join Now
वेदांत पॉली फैब्स ने निवेशकों को किया निराश, फ्लैट लिस्टिंग के बाद लगा लोअर सर्किट


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। फ्लैक्सिबल पैकेजिंग मैटेरियल्स का निर्माण करने वाली कंपनी वेदांत पॉली फैब्स लिमिटेड के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में फ्लैट एंट्री कर अपने आईपीओ निवेशकों को निराश कर दिया। निवेशकों को इसके बाद उस समय और करारा झटका लगा, जब कंपनी के शेयर पर लोअर सर्किट लग गया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 94 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म बिना किसी उतार चढ़ाव के 94 रुपये के स्तर पर ही हुई।

फ्लैट लिस्टिंग के बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इस शेयर की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण थोड़ी देर में ही यह शेयर फिसल कर 89.30 रुपये के लोअर सर्किट लेवल पर पहुंच गया। इस तरह पहले दिन के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को प्रति शेयर 4.70 रुपये यानी पांच प्रतिशत का नुकसान हो गया।

इस कंपनी का 56.68 करोड़ रुपये का आईपीओ दो से चार नवंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से फीका रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 1.90 गुना सब्सक्राइब हो सका था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 100 प्रतिशत (एक्स एंकर) सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 1.38 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 2.26 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 60.30 लाख शेयर जारी किए गए हैं। इस इश्यू के तहत 51.01 करोड़ रुपये मूल्य के 54.26 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं, जबकि प्रमोटर सेथसावरिया पॉली फैब एलएलपी द्वारा 5.67 करोड़ रुपये मूल्य के 6.04 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए की गई है।

आईपीओ के तहत शेयरों की बिक्री से जुटाए गए इस पैसे में से 24.61 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। इसके अलावा 6.51 करोड़ रुपये की राशि मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में प्लांट और मशीनरी की खरीदारी और इंस्टॉलेशन के लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर के रूप में खर्च की जाएगी, जबकि 8 करोड़ रुपये का उपयोग पुराने कर्ज के बोझ को करने में किया जाएगा। इसके बाद शेष बची राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों तथा इश्यू के खर्चों की भरपाई करने में किया जाएगा।

वेदांत पॉली फैब्स लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में किए गए दावे के अनुसार कंपनी की वित्तीय सेहत में पिछले वित्त वर्षों के दौरान उतार-चढ़ाव होने के बावजूद मजबूत बनी रही है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 64 लाख रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में घट कर 4.56 लाख रुपये रह गया। हालांकि अगले वित्त वर्ष 2025-26 में इसमें जबरदस्त रिकवरी आई और यह बढ़ कर 10.97 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 3.48 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी लगातार भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 49.73 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 81.58 करोड़ रुपये हो गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में रेवेन्यू कलेक्शन 41 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 115.31 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 30.49 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के विस्तार के साथ उस पर लदे कर्ज के बोझ में भी लगातार इजाफा देखने को मिला है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 6.35 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 13.32 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में यह उछल कर 46.82 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी पर कुल 44.81 करोड़ रुपये का कर्ज दर्ज किया गया था।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान लगातार मजबूती बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 18.88 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 55.40 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में और छलांग लगा कर 97.80 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 100.88 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती बनाई है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 3.75 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 के अंत में बढ़ कर 4.57 करोड़ रुपये रहा। इसके बाद अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में यह शानदार उछाल के साथ 27.53 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून तक यह और मजबूत होकर 30.88 करोड़ रुपये हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का नेटवर्थ 3.86 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 15.42 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में तेज छलांग लगा कर 42.26 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून तक कंपनी का नेटवर्थ 45.60 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 1.29 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 7.74 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में और मजबूत होकर 19 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 6.59 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774299 Articles

Share this story