स्टॉक मार्केट में बिहारी लाल इंजीनियरिंग की धमाकेदार एंट्री, बंपर मुनाफे में आईपीओ निवेशक

WhatsApp Channel Join Now
स्टॉक मार्केट में बिहारी लाल इंजीनियरिंग की धमाकेदार एंट्री, बंपर मुनाफे में आईपीओ निवेशक


स्टॉक मार्केट में बिहारी लाल इंजीनियरिंग की धमाकेदार एंट्री, बंपर मुनाफे में आईपीओ निवेशक


नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। मेटल रोल्स, इंजीनियरिंग कास्टिंग्स, एलॉय स्टील प्रोडक्ट्स और फोर्जिंग ब्लॉक्स बनाने वाली कंपनी बिहारी लाल इंजीनियरिंग लिमिटेड के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में मजबूत शुरुआत कर अपने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 285 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई पर इसकी लिस्टिंग 60.70 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 458 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 63.16 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 465 रुपये के स्तर पर हुई।

लिस्टिंग के बाद लिवाली शुरू हो जाने के कारण इसकी चाल में तेजी आ गई। खरीदारी के सपोर्ट से ये शेयर 529 रुपये के स्तर तक पहुंच गए। हालांकि बाद में मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के कारण इसमें मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। दोपहर 12:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद बिहारी लाल इंजीनियरिंग लिमिटेड के शेयर 520.80 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इस तरह अभी तक के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को प्रति शेयर 235.80 रुपये यानी 82.74 प्रतिशत का फायदा हो गया था।

इस कंपनी का 301.62 करोड़ रुपये का आईपीओ 12 से 14 अगस्त के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 118.07 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 222.04 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 167.95 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 54.12 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 1,05,83,158 शेयर जारी किए गए हैं। इनमें लगभग 93 करोड़ रुपये के 32,63,157 नए शेयर जारी किए गए हैं, जबकि लगभग 209 करोड़ रुपये के 73,20,001 शेयर ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) विंडो के जरिये बेचे गए हैं। आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के लिए मशीनरी और इक्विपमेंट खरीदने, सोलर पैनल्स की खरीदारी करने, पुराने कर्ज के बोझ को कम करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।

बिहारी लाल इंजीनियरिंग लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा राए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत बनी रही है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 35.79 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 52.95 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ उछल कर 64.64 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में लगातार बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में इसे 449.96 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 516.30 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 546.52 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

इस अवधि में कंपनी के कर्ज के बोझ में उतार चढ़ाव होता रहा। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर 41.21 करोड़ रुपये के कर्ज का बोझ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में घट कर 7.58 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें, तो इस दौरान कंपनी पर लदे कर्ज का बोझ बढ़ कर 17.78 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 193.66 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का नेटवर्थ बढ़ कर 241.62 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में ये 306.10 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

कंपनी के रिजर्व और सरप्लस की बात करें तो इस अवधि में कंपनी इस मोर्चे पर भी बढ़त हासिल करने में सफल रही। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 186.13 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस बढ़ कर 233.81 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस उछल कर 267.06 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) 2023-24 में 60.99 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 81.31 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का ईबीआईटीडीए उछल कर 101.32 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story