आशीष कुमार दास इंफोसिस के सीईओ नियुक्त, अगले साल 01 अप्रैल से संभालेंगे पदभार
नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। देश की दूसरी सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी इंफोसिस ने आशीष कुमार दास को मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ-नामित) नियुक्त किया है। वह 1 अप्रैल 2027 से मौजूदा प्रबंध निदेशक और सीईओ सलिल पारेख की जगह लेंगे। वे 30 से अधिक वर्षों से इंफोसिस के साथ जुड़े हुए हैं, उनका कार्यकाल शेयर धारकों की मंजूरी के अधीन 5 वर्षों का होगा।
सूचना प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि इंफोसिस के निदेशक मंडल की नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की सिफारिश पर आशीष दास की नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए की गई है। हालांकि, ये नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी। वे इंफोसिस के वर्तमान प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सलिल पारेख की जगह लेंगे। पारेख का दूसरा कार्यकाल 31 मार्च, 2027 को समाप्त होगा। उन्होंने कंपनी का नेतृत्व नौ वर्ष से अधिक समय तक किया है।
इंफोसिस के मुताबिक आशीष कुमार दास वर्तमान में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों वाले विविध कारोबार खंड के वैश्विक प्रमुख हैं। कंपनी ने कहा, ‘‘इंफोसिस में तीन दशक से अधिक समय बिताने वाले दास ने वैश्विक परिचालन से जुड़े कई वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर काम किया है।’’ कंपनी ने बताया, ‘‘उन्होंने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया, ग्राहकों को जटिल कारोबारी एवं प्रौद्योगिकी बदलाव के दौर में मार्गदर्शन दिया तथा वैश्विक स्तर पर उच्च प्रदर्शन करने वाले दलों का निर्माण किया है।’’
इंफोसिस के चेयरमैन नंदन नीलेकणि ने कहा कि उद्योग एक बड़े बदलाव के दौर में प्रवेश कर रहा है। नीलेकणि ने कहा, ‘‘निदेशक मंडल का मानना था कि हमारे अगले सीईओ में साहसिक बदलाव का नेतृत्व करने की क्षमता के साथ-साथ उन मूल्यों एवं ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखने का विवेक होना चाहिए, जिन्होंने हमेशा इंफोसिस को अलग पहचान दी है। मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारा अगला सीईओ कंपनी के भीतर से चुना गया है।’’
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

