देश की औद्योगिक उत्पादन वृद्धि दर जनवरी में घटकर 4.8 फीसदी पर आई

WhatsApp Channel Join Now
देश की औद्योगिक उत्पादन वृद्धि दर जनवरी में घटकर 4.8 फीसदी पर आई


नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स)। देश की औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर जनवरी में घटकर तीन महीने के निचले स्तर 4.8 फीसदी पर आ गई है। एक साल पहले की समान अवधि में यह 5.2 फीसदी की दर से बढ़ी थी।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि खनन और विनिर्माण क्षेत्रों के कमजोर प्रदर्शन से औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में नरमी आई है। आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में देश का औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) पर आधारित औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 4.8 फीसदी रहा, जो पिछले साल की समान अवधि में यह 5.2 फीसदी की दर से बढ़ा था। इससे पहले अक्टूबर, 2025 में वृद्धि दर 0.5 फीसदी रही थी, जो हाल के महीनों का सबसे निचला स्तर था, जबकि नवंबर, 2025 में आईआईपी की वृद्धि दर 7.2 फीसदी दर्ज की गई थी।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने जारी आंकड़ों में दिसंबर, 2025 के औद्योगिक उत्पादन वृद्धि के आंकड़े को संशोधित कर आठ फीसदी कर दिया है। इससे पहले जनवरी, 2026 में जारी अस्थायी अनुमान में इसे 7.8 फीसदी बताया गया था। एनएसओ के आंकड़ों के मुताबिक विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि दर जनवरी में घटकर 4.8 फीसदी रह गई, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने में यह 5.8 फीसदी रही थी।

आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान खनन क्षेत्र की वृद्धि भी मामूली घटकर 4.3 फीसदी रह गई। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में 4.4 फीसदी थी। हालांकि, जनवरी के दौरान बिजली उत्पादन सुधरकर 5.1 फीसदी हो गया, जबकि एक वर्ष पहले इसी अवधि में यह वृद्धि 2.4 फीसदी थी। इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जनवरी अवधि में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि चार फीसदी रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 4.2 फीसदी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story