इंडिगो देश की पहली एयरलाइन बनी जिसमें 1000 से ज्यादा महिला पायलट

WhatsApp Channel Join Now
इंडिगो देश की पहली एयरलाइन बनी जिसमें 1000 से ज्यादा महिला पायलट


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स)। भारत के विमानन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। निजी क्षेत्र की विमानन सेवा कंपनी इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर एक हजार से अधिक महिला पायलटों वाली देश की पहली विमानन कंपनी बनने की घोषणा की।

देश की पसंदीदा बजट एयरलाइन ने शनिवार को एक बयान में कहा कि इंडिगो ने एक और उपलब्धि हासिल की है। कंपनी के बेड़े में लड़की की शक्ति और बढ़ी है। इसके साथ ही इंडिगो भारत की पहली एयरलाइन बन गई है, जिसमें एक हजार से ज्यादा महिला पायलट हैं। कंपनी की यह उपलब्धि न सिर्फ कंपनी के लिए, बल्कि पूरे भारतीय विमानन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इंडिगो में कुल पायलट कार्यबल में 17.5 फीसदी पायलट महिला हैं, जो वैश्विक औसत से तीन गुना से अधिक है। कंपनी ने बताया कि एयरलाइन एक विविधतापूर्ण और समावेशी कार्यस्थल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो पूरे भारत में विमानन क्षेत्र में महिलाओं की नई पीढ़ी की बदलती उम्मीदों को दिखाता है।

कंपनी ने कहा कि आज इंडिगो के कुल कार्यबल में 45 फीसदी से ज्यादा महिलाएं हैं और यह सभी रोल में बराबर मौके देना जारी रखे हुए है। एयरलान के मुताबिक कॉकपिट के अलावा एयरपोर्ट ऑपरेशन स्टाफ में 30 फीसदी से अधिक महिलाएं हैं, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर वर्कफोर्स में लगभग 25 फीसदी महिलाएं हैं। वित्त में 20 फीसदी से ज़्यादा महिलाएं हैं, डिजिटल में 15 फीसदी से ज्यादा महिलाएं हैं, जबकि लीडरशिप पोजीशन में 23 फीसदी से ज्यादा महिलाएं कार्यरत हैं।

इंडिगो एयरलाइन के समूह मुख्य मानव संसाधन ऑफिसर सुखजीत सिंह पसरीचा ने कहा, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर हमें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि इंडिगो में अब 1,000 से ज़्यादा महिला पायलट हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। यह माइलस्टोन सच में इंडिगो में गर्ल पावर की भावना को दिखाता है। जैसे-जैसे हम देश को पंख दे रहे हैं, हम टैलेंटेड महिलाओं के लिए और मौके बनाने और एविएशन का भविष्य बनाने के लिए कमिटेड हैं।

कंपनी ने कहा कि 2015 के बाद से इंडिगो ने पायलट भर्ती और प्रशिक्षण में महिलाओं को अधिक अवसर देना शुरू किया। कंपनी ने कई ट्रेनिंग प्रोग्राम और स्कॉलरशिप योजनाएं शुरू कीं, जिससे महिला उम्मीदवारों को पायलट बनने का मौका मिला। इसी रणनीति की वजह से आज इंडिगो दुनिया की उन एयरलाइंस में शामिल हो गई है, जहां महिला पायलटों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

भारत में इस समय लगभग 15 हजार से ज्यादा कमर्शियल पायलट हैं। इनमें करीब 12–15 फीसदी महिलाएं हैं। महिलाओं का यह अनुपात कई विकसित देशों से भी बेहतर माना जाता है। एयर इंडिया और इंडिगो जैसी एयरलाइंस कंपनियों ने महिला पायलटों को अवसर देकर इस आंकड़े को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है।

उल्लेखनीय है कि भारत की पहली महिला पायलट सरला ठकराल थीं। उन्होंने 1936 में महज 21 साल की उम्र में पायलट लाइसेंस हासिल किया था। उस दौर में जब महिलाओं के लिए एविएशन में जाना बेहद मुश्किल माना जाता था, तब सरला ठकराल ने इस क्षेत्र में कदम रखकर नई पीढ़ी के लिए रास्ता खोला।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story