भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरा होने के करीब: पीयूष गोयल
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है। इसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया अब आकार ले रही है।
गोयल ने वर्चुअल माध्यम से 'इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026' को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, ''अमेरिका के साथ व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है। वह प्रक्रिया और मार्ग, जिसकी वजह से समझौते को अंतिम रूप देने में हमेशा रुकावट आती थी, उसमें अब कुछ बात बन रही है।'
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है। गोयल ने कहा कि इस समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तथा रूपरेखा अब आकार ले रही है। उन्होंने अपने संबोधन में इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे भारत ने वैश्विक चुनौतियों के बीच भी आगे बढ़ना जारी रखा है। सुधार लागू किए हैं और आर्थिक नींव को मजबूत किया है। साथ ही वैश्विक साझेदारों के साथ मिलकर विकास के व्यापक अवसर भी प्रदान किए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर इस वर्ष के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। गोयल ने कहा कि यह अगले वर्ष मार्च या अप्रैल तक लागू हो सकता है। उन्होंने कहा, “आर्थिक आंकड़े इन प्रयासों की सफलता को दर्शाते हैं।”
गोयल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने हाल ही में भारत से आयात होने वाले कुछ उत्पादों पर 25 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिकी प्रशासन ने यह कदम विनिर्माण क्षेत्र में कथित “संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता” से जुड़ी जांच के बाद उठाया है। हालांकि भारत सरकार ने साफ तौर पर इस आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में ऐसी अतिरिक्त क्षमता मौजूद नहीं है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने डेट कैपिटल मार्केट समिट की थीम ‘कैटेलिस्ट्स, कैपेक्स एंड क्रेडिट’ की भी तारीफ की और कहा कि भारत की विकास कहानी में पूंजी, निवेश और विश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बॉन्ड मार्केट, क्रेडिट मार्केट और पूंजी बाजार मूल रूप से निवेशकों के भरोसे पर आधारित होते हैं और यही भरोसा भारत की आर्थिक प्रगति को गति देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

