प्रतिस्पर्धी बढ़त मिलने के बाद भारत-अमेरिका व्यापार समझौता होगा लागू : गोयल

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिस्पर्धी बढ़त मिलने के बाद भारत-अमेरिका व्यापार समझौता होगा लागू : गोयल


- गोयल ने युवाओं से भारत के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नेतृत्व करने का आह्वान किया

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसे लागू करना इस बात पर निर्भर करेगा कि अमेरिकी बाज़ार में भारतीय व्यवसायों को अपेक्षित प्रतिस्पर्धी लाभ मिल पाता है या नहीं।

गोयल ने नई दिल्ली में 'विकसित भारत की राह' विषय पर आयोजित एसआरसीसी शताब्दी सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा करने पर विचार किया जा रहा है और इसके लिए कानूनी मसौदा तैयार किया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि इसे जल्द अंतिम रूप दे सकेंगे और अपने प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बढ़त मिलने के बाद लागू करेंगे।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने भारत के युवाओं से नई तकनीकों को अपनाने, लगातार अपने कौशल को बेहतर बनाने और 2047 तक देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) में निवेश, तकनीक को अपनाना और कौशल विकास से भारत के युवाओं के लिए अवसर पैदा होंगे और वैश्विक अर्थव्यवस्था में देश की स्थिति मजबूत होगी। गोयल ने यह भी कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच दिसंबर में मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जबकि इसे फरवरी या मार्च 2027 में लागू किए जाने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761365 Articles

Share this story