अंतरिम व्यापार समझौते पर भारत-अमेरिका सोमवार से करेंगे बातचीत

WhatsApp Channel Join Now
अंतरिम व्यापार समझौते पर भारत-अमेरिका सोमवार से करेंगे बातचीत


अंतरिम व्यापार समझौते पर भारत-अमेरिका सोमवार से करेंगे बातचीत


नई दिल्ली, 31 मई (हि.स)। अमेरिका और भारत के मुख्य व्यापार वार्ताकार दोनों देश के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते के ब्योरे को अंतिम रूप देने के मकसद से 1 जून से यहां चार दिवसीय बैठक करेंगे। अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा फरवरी में तय की गई थी।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि भारत आ रहे अमेरिकी दल का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच करेंगे, जबकि भारत के मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन होंगे। जैन वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव हैं। भारत और अमेरिका ने 07 फरवरी को संयुक्त बयान जारी कर पारस्परिक रूप से लाभकारी एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति व्यक्त की थी।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के बयान के मुताबिक, ‘‘दोनों पक्षों ने अंतरिम समझौते के ब्योरे को अंतिम रूप देने और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत बाजार पहुंच, गैर -शुल्क उपायों, सीमा शुल्क तथा व्यापार सुविधा, निवेश प्रोत्साहन और आर्थिक सुरक्षा जैसे कई क्षेत्रों पर बातचीत को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है।’’ इस रूपरेखा ने व्यापक भारत-अमेरिका बीटीए वार्ता के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।

इससे पहले भारतीय दल ने 20 से 23 अप्रैल तक अमेरिका की यात्रा की और दोनों पक्ष वाशिंगटन में मिले थे। चर्चाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्य वार्ताकार के नेतृत्व में अमेरिकी टीम 01 से 04 जून तक भारत की यात्रा करेगी। ऐसे में अब दोनों पक्षों को इस समझौते के कानूनी मसौदे को अंतिम रूप देना होगा।

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमति जताई थी। अमेरिका ने रूसी तेल खरीदने पर भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले 25 प्रतिशत शुल्क को हटा दिया था और समझौते के तहत शेष 25 प्रतिशत को घटाकर 18 प्रतिशत करना था। लेकिन, अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति ने 24 फरवरी से 150 दिन के लिए सभी देशों पर 10 फीसदी शुल्क लगाने की घोषणा की थी। इन बदलावों के मद्देनज़र, भारत और अमेरिका के मुख्य वार्ताकारों के बीच फरवरी में बैठक रखी गई थी, जो स्थगित कर दी गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story