भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सकारात्मक रही वार्ता : वाणिज्य मंत्रालय
- दोनों देश ने पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते की प्रतिबद्धता जताई
नई दिल्ली, 04 जून (हि.स)। भारत और अमेरिका ने पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है, जो दोनों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करेगा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी है। मंत्रालय ने दोनों देशों के मुख्य वार्ताकारों की एक से चार जून तक चली बातचीत के समापन के बाद यह बयान जारी किया है।
मंत्रालय ने कहा कि नई दिल्ली में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच चार दिनों की बातचीत के बाद भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से एक समझौते को अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय आंतरिक व्यापार समझौते (बीटीए) पर चर्चा करने के हेतु अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का 1 से 4 जून, 2026 तक दिल्ली का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल की इस यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने वस्तुओं के व्यापार, गैर-शुल्कीय उपायों, सीमा शुल्क एवं व्यापार सुगमीकरण, आर्थिक सुरक्षा समन्वय तथा अन्य पारस्परिक हितों के क्षेत्रों सहित विभिन्न मुद्दों पर रचनात्मक और सकारात्मक चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका ने 07 फरवरी 2026 को एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया, जिसमें पारस्परिक एवं परस्पर लाभकारी व्यापार से संबंधित एक अंतरिम समझौते के लिए रूपरेखा पर सहमति व्यक्त की गई थी।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

