सोने के आयात में 40 फीसदी गिरावट से हुई 16.46 अरब डॉलर की बचत : कैट

WhatsApp Channel Join Now
सोने के आयात में 40 फीसदी गिरावट से हुई 16.46 अरब डॉलर की बचत : कैट


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। कारोबारी संगठन कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने बीते 7 माह में सोने के आयात में करीब 40 फीसदी की गिरावट आई, जिससे 16.46 अरब डॉलर की बचत हुई है।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने रविवार को इसका स्वागत करते हुए कहा कि कुछ महीने पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से एक वर्ष तक जरूरत न होने पर सोना न खरीदने की अपील की थी, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब देश के आर्थिक आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है।खंडेलवाल ने कहा कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बीते अप्रैल-अक्टूबर के बीच भारत ने 24.78 अरब यूएस डॉलर का सोना आयात किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 41.24 अरब डॉलर रहा था। इस तरह पिछले 7 महीने में सोने का आयात बिल 16.46 अरब डॉलर कम रहा।

कैट महामंत्री ने कहा कि अप्रैल-अक्टूबर के दौरान देश का सोने का आयात बिल करीब 40 फीसदी कम हो गया है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इस साल अक्तूबर में सोने का आयात सालाना आधार पर 62.6 फीसदी घटकर 5.51 अरब डॉलर रह गया, जबकि बीते साल अक्तूबर में यह 14.72 अरब डॉलर था। खंडेलवाल के मुताबिक चालू वित्त वर्ष 2026-27 में सोने का कुल आयात घटकर 35 से 40 अरब डॉलर रह सकता है, जबकि वर्ष 2025-26 में भारत ने लगभग 71.98 अरब डॉलर का सोना आयात किया था।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री का जिक्र करते हुए कहा कि उनके आह्वान पर देशवासियों ने एक समय भोजन छोड़कर देश का साथ दिया था, उसी भावना का परिचय आज देशवासियों ने प्रधानमंत्री मोदी के आग्रह पर दिया है।

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह आह्वान केवल सोने की खरीदारी कम करने का आग्रह नहीं था, बल्कि देश की आर्थिक परिस्थितियों को समझते हुए राष्ट्रीय हित में व्यक्तिगत उपभोग पर संयम रखने की एक प्रेरणादायक पहल थी। देशवासियों ने जिस जिम्मेदारी और विश्वास के साथ इस अपील का सम्मान किया है, वह वास्तव में सराहनीय है।

ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन( एआईजेजीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि सोने का आयात कम होने से विदेशी मुद्रा पर दबाव घटाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story