भारत-सऊदी अरब ने पश्चिम एशिया की स्थिति का लिया जायजा, आपूर्ति शृंखला की निरंतरता सुनिश्चित करने पर रहा जोर

WhatsApp Channel Join Now
भारत-सऊदी अरब ने पश्चिम एशिया की स्थिति का लिया जायजा, आपूर्ति शृंखला की निरंतरता सुनिश्चित करने पर रहा जोर


नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स)। पश्चिम एशिया संकट के बीच वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री डॉ. माजिद बिन अब्दुल्ला अल कासबी के साथ आभासी रूप से बातचीत की। इस दौरान मौजूदा आपूर्ति शृंखला की निरंतरता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि पीयूष गोयल ने आज सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री डॉ. माजिद बिन अब्दुल्ला अल कासबी के साथ आभासी रूप से बातचीत की और उम्मीद जताई कि हाल ही में घोषित संघर्षविराम इस क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा का मार्ग प्रशस्त करेगा।

मंत्रालय ने बताया कि उन्होंने बातचीत के दौरान सऊदी लोगों के अदम्य साहस की सराहना की, जो बढ़ती बाधाओं और अस्थिरता के बीच आपूर्ति शृंखला की मजबूती बनाए रखने के अपने संकल्प पर अडिग रहे हैं। गोयल ने मौजूदा संघर्ष के दौरान देश में हुए हमलों की भी निंदा की और भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए सऊदी अरब के प्रयासों की सराहना की।

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने बातचीत के दौरान इस बात पर गौर किया कि संघर्ष के कारण क्षेत्रीय आपूर्ति शृंखलाओं पर कितना दबाव पड़ा है और सुचारू व्यापार प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयासों के माध्यम से जल्द से जल्द स्थिति सामान्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। गोयल ने सऊदी अरब और खाड़ी क्षेत्र को निर्यात को बढ़ावा देने के लिए भारत द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला।

इसके साथ ही मंत्रियों ने द्विपक्षीय व्यापार को मज़बूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और भारत-जीसीसी मुक्त व्यापार समझौता वार्ताओं में जल्द प्रगति होने के प्रति आशा व्यक्त की। इस बातचीत में भारत-सऊदी अरब आर्थिक साझेदारी को और अधिक गहरा करने की साझा प्रतिबद्धता पर ज़ोर दिया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story