भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता भारतीय व्यापार के लिए वैश्विक अवसरों का उपहार : खंडेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता भारतीय व्यापार के लिए वैश्विक अवसरों का उपहार : खंडेलवाल


भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता भारतीय व्यापार के लिए वैश्विक अवसरों का उपहार : खंडेलवाल


नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लागू होने का स्वागत करते हुए चांदनी चौक से सांसद एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने मंगलवार को कहा कि भारत ऐसे रणनीतिक व्यापारिक साझेदारियां स्थापित कर रहा है, जो राष्ट्रीय आकांक्षाओं को भारतीय व्यापार जगत के लिए ठोस अवसरों में बदल रही हैं।

खंडेलवाल ने आगे कहा कि ये ऐतिहासिक समझौता लोकल से ग्लोबल, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करता है। यह समझौता भारतीय वस्त्र एवं परिधान, चमड़ा एवं फुटवियर, रत्न एवं आभूषण, इंजीनियरिंग उत्पादों, ऑटोमोबाइल एवं ऑटो कंपोनेंट्स, औषधियों, रसायनों, कृषि उत्पादों तथा प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के निर्यात के लिए व्यापक अवसर खोलेगा। इसके साथ ही शून्य सीमा शुल्क की सुविधा से भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी और एमएसएमई, कारीगरों, किसानों, निर्माताओं, महिला उद्यमियों तथा निर्यातकों को लाभ मिलेगा।

खंडेलवाल ने भारतीय व्यापारियों, निर्माताओं और एमएसएमई से इस अवसर का लाभ उठाने तथा ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों की वैश्विक पहचान और पहुंच को और मजबूत करने का आह्वान किया।

इस समझौते के तहत भारतीय पेशेवरों और युवाओं के लिए भी नए अवसरों का विस्तार होगा। दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक वस्तुओं एवं सेवाओं में द्विपक्षीय व्यापार को 7 अरब न्यूज़ीलैंड डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। यह समझौता निर्यात, रोजगार और आर्थिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763868 Articles

Share this story