भारत और मैक्सिको ने तरजीही व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू की

WhatsApp Channel Join Now
भारत और मैक्सिको ने तरजीही व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू की


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारत और मेक्सिको ने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने और निवेश को प्रोत्साहन देने के मकसद से तरजीही व्यापार समझौते (पीटीए) के लिए बुधवार को बातचीत शुरू कर दी है। दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने 'टर्म्स ऑफ रेफरेंस' (टीओआर) पर हस्ताक्षर किए हैं।

भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और मेक्सिको के विदेश व्यापार उपमंत्री लुइस रोसेन्डो गुटिरेज रोमानो ने संयुक्त रूप से इस वार्ता का शुभारंभ किया। इनमें प्रस्तावित समझौते की व्यापक रूपरेखा तय की गई है। इनमें वस्तुओं के लिए बाजार पहुंच, सीमा शुल्क प्रक्रियाएं और व्यापार सुविधा, विवाद निपटान, स्वच्छता तथा पादप स्वच्छता उपाय, व्यापार में तकनीकी बाधाएं और व्यापार उपचार पर वार्ता जैसे बिंदू शामिल हैं। इससे दोनों देशों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा करने के उद्देश्य से होने वाली बातचीत की रूपरेखा, दायरा, तौर-तरीके और आगे की कार्ययोजना तय होती है।

मंत्रालय ने कहा कि इसके साथ परस्पर लाभकारी और संतुलित पीटीए के लिए बातचीत औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से मजबूत जुड़ाव के कारण मेक्सिको भारतीय निर्यातकों तथा निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है। दोनों देशों के बीच वाहन, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स, औषधि, कृषि एवं खाद्य उत्पाद, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, चिकित्सा उपकरण और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। दोनों पक्षों ने 2027 की पहली तिमाही में मेक्सिको के एक कारोबारी प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा आयोजित करने की संभावना पर भी चर्चा की।

भारत और मेक्सिको के बीच द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2025-26 में 9.11 फीसदी घटकर 7.83 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया। इनके बीच द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2024-25 में 8.61 अरब अमेरिकी डॉलर था। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का मेक्सिको को निर्यात 5.72 अरब डॉलर और वहां से आयात 2.1 अरब डॉलर रहा। इस दौरान भारत को 3.62 अरब डॉलर का व्यापार अधिशेष हुआ, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 2.9 अरब डॉलर रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768316 Articles

Share this story