भारत-डेनमार्क ने द्विपक्षीय व्यापार व आर्थिक सहयोग और गहरा करने पर प्रतिबद्धता दोहराई
-डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन से मिले वाणिज्य मंत्री गोयल
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। भारत और डेनमार्क ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को यह जानकारी दी।
गोयल ने एक्स पर जारी पोस्ट में लिखा कि डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन से मिलकर खुशी हुई। उन्होंने कहा कि लार्स लोक्के रासमुसेन के साथ व्यापारिक संबंधों के विस्तार और सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाओं पर चर्चा की है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि हमने भारत-डेनमार्क साझेदारी को और मजबूत करने के लिए द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने, व्यावसायिक संबंधों को प्रगाढ़ करने तथा आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर भी चर्चा की।
दोनों देशों के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब दोनों देशों के बीच आर्थिक जुड़ाव बढ़ रहा है, खासकर नवीकरणीय ऊर्जा, हरित प्रौद्योगिकियों, समुद्री सहयोग और निवेश के क्षेत्रों में।
इससे पहले इस महीने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने 'भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन 2026' के दौरान डेनमार्क के व्यापार और प्रतिस्पर्धा मंत्री मार्टिन लिडेगार्ड के साथ बातचीत की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

