भारत का आसियान देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार 2025-26 में हुआ 128 अरब डॉलर

WhatsApp Channel Join Now
भारत का आसियान देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार 2025-26 में हुआ 128 अरब डॉलर


भारत का आसियान देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार 2025-26 में हुआ 128 अरब डॉलर


नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स)। भारत की आसियान देशों के साथ आर्थिक साझेदारी मजबूत हुई है। भारत और आसियान देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 128 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक आसियान देशों के साथ रिश्तों को और मजबूत करने के लिए भारत 6 से 10 जुलाई तक 13वीं आसियान-भारत व्यापार समझौता (एआईटीआईजीए) की संयुक्त समिति (जेसी) और उससे जुड़ी बैठकों की मेजबानी कर रहा है, ताकि एआईटीआईजीए की समीक्षा के तहत बातचीत की प्रगति का जायजा लिया जा सके। आसियान भारत का प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक है, जो भारत के वैश्विक व्यापार का लगभग 11 फीसदी हिस्सा है।

मंत्रालय के मुताबिक नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में ये बैठकें भारत और आसियान के बीच सहयोग को गहरा करने, आपसी समझ को मजबूत करने और रचनात्मक संवाद को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य कर रही हैं। संयुक्त समिति की बैठक में उप-समितियों को उनके काम के क्षेत्रों में रणनीतिक मार्गदर्शन दिया गया और उनसे एआईटीआईजीए समीक्षा के तहत बाकी बचे अध्यायों को जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया गया। बातचीत की गति बनाए रखने के लिए उप-समितियों को तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई और उन्हें सहमत समय-सीमा के अंदर ठोस नतीजे हासिल करने के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

मंत्रालय ने कहा कि एआईटीआईजीए जॉइंट कमिटी के तहत आठ सब-कमिटी में से तीन की बैठकें अभी 13वीं संयुक्त समिति की बैठक के साथ-साथ हो रही हैं। इनमें कस्टम्स प्रक्रियाओं और व्यापार को आसान बनाने पर बनी सब-कमिटी (एससी-सीपीटीएफ), नेशनल ट्रीटमेंट और मार्केट एक्सेस पर बनी सब-कमिटी (एससी-एनटीएमए), और रूल्स ऑफ ओरिजिन पर बनी सब-कमिटी (एससी-आरओओ) शामिल हैं।

मंत्रालय ने बताया कि 7 जुलाई को 13वीं एआईटीआईजीए संयुक्त समिति की बैठक की सह-अध्यक्षता वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में वाणिज्य विभाग के अपर सचिव नितिन कुमार यादव और मलेशिया के निवेश, व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की उप महासचिव (व्यापार) मस्तुरा अहमद मुस्तफा ने की। इस बैठक में आसियान के सभी सदस्य देशों-ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओ पीडीआर, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम के प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story