विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह को निर्यात-आयात के लिए मिली मंजूरी, 18 अगस्त से शुरू होगा परिचालन

WhatsApp Channel Join Now
विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह को निर्यात-आयात के लिए मिली मंजूरी, 18 अगस्त से शुरू होगा परिचालन


-विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह पर 18 अगस्त से शुरू होगा माल का आयात-निर्यात

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 25 जुलाई (हि.स.)। केरल स्थित विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह को विदेशों के साथ सामान का आयात और निर्यात शुरू करने के लिए सीमा शुल्क विभाग की मंजूरी मिल गई है।

विझिंजम इंटरनेशनल सी-पोर्ट लिमिटेड (वीआईएसएल) ने शनिवार को एक बयान में कहा कि केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने इसको शुरू करने की मंजूरी दे दी है। बंदरगाह को 18 अगस्त से निर्यात और आयात कार्गो परिचालन शुरू करने की अंतिम मंजूरी दी गई है।

सीबीआईसी के 24 जुलाई को जारी आदेश के मुताबिक तिरुवनंतपुरम के पास स्थित विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह अब तक केवल अंतरराष्ट्रीय पारवहन केंद्र के रूप में कार्य कर रहा था, लेकिन 18 अगस्त 2026 से यहां माल के निर्यात और आयात का परिचालन भी शुरू हो जाएगा।

वीआईएसएल के मुताबिक वर्तमान में बंदरगाह से संबद्ध कोई निर्धारित कंटेनर फ्रेट स्टेशन (सीएफएस) नहीं होने के कारण सीबीआईसी ने निर्यात और आयात कार्गो के प्रबंधन के लिए कई शर्तें निर्धारित की हैं।

कंटेनर फ्रेट स्टेशन बंदरगाह के पास स्थित एक ऐसा केंद्र होता है, जहां आयात और निर्यात होने वाले कंटेनरों में रखे सामान की जांच, पैकिंग, खोलने, दोबारा भरने और सीमा शुल्क से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं। इसके तहत आयात परिचालन केवल प्रत्यक्ष बंदरगाह आपूर्ति के लिए पात्र पूर्ण कंटेनर भार वाले कंटेनरों तक सीमित रहेगा। ऐसे कंटेनरों को बंदरगाह पर पहुंचने के 48 घंटे के भीतर सीधे आयातक के परिसर तक पहुंचाना होगा।

विझिंजम इंटरनेशनल पोर्ट भारत का पहला गहरे पानी का ट्रांसशिपमेंट बंदरगाह है, जो केरल के तिरुवनंतपुरम में स्थित है। इसे 2 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र को समर्पित किया गया था। यह अंतरराष्ट्रीय पूर्व-पश्चिम शिपिंग रूट से केवल 10 समुद्री मील की दूरी पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story