आईईपीएफए और सेबी 5 जून को भोपाल में करेंगे निवेशक शिविर का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
आईईपीएफए और सेबी 5 जून को भोपाल में करेंगे निवेशक शिविर का आयोजन


आईईपीएफए और सेबी 5 जून को भोपाल में करेंगे निवेशक शिविर का आयोजन


नई दिल्ली, 03 जून (हि.स)। निवेशक शिक्षा और संरक्षण कोष प्राधिकरण (आईईपीएफए) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) भोपाल में 5 जून को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक एक दिवसीय 'निवेशक शिविर' का आयोजन करेंगे।

कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में बताया कि आईईपीएफए का उद्देश्य इस 'शिविर' के माध्यम से निवेशकों को सशक्त बनाना और उनकी शिकायतों के निवारण तथा बिना दावे वाले लाभांश प्रक्रिया को सरल बनाना है। यह शिविर निवेशकों को बिना दावा किए गए लाभांश और शेयरों से संबंधित मुद्दों को हल करने में सहायता करने के लिए एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं प्रदान करने वाले मंच के रूप में कार्य करेगा। साथ ही, निवेशक सेवाओं और जमीनी स्तर पर शिकायत निवारण तंत्र तक सीधी पहुंच को सक्षम करेगा।

मंत्रालय ने कहा कि निवेशक शिविर के माध्यम से आईईपीएफए का लक्ष्य- छह से सात वर्षों से लंबित बिना दावा किए गए लाभांश और शेयरों की रिकवरी के लिए प्रत्यक्ष सहायता, मौके पर ही केवाईसी अपडेट और नामांकन संबंधी सेवाएं और लंबित आईईपीएफए दावों से संबंधित मुद्दों में तत्काल सहायता और समाधान उपलब्ध करानां शामिल है। यह कार्यक्रम वृंदावन गार्डन, होशंगाबाद रोड (एनएच-12), आर्यन विंग्स कॉलोनी, श्री रामेश्वरम, बागमुगलिया, मिसरोद, भोपाल में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक आवेदक नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से शिविर के लिए www.iepf.gov.in पर पंजीकरण कर सकते हैं।

कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय ने कहा कि निवेशक शिक्षा और संरक्षण कोष प्राधिकरण का यह पहल पूरे देश में एक सुरक्षित, सुलभ और निवेशक-केंद्रित वित्तीय इको सिस्टम के निर्माण के प्रति आईईपीएफए की प्रतिबद्धता को दोहराती है। आईईपीएफए सतत वित्तीय साक्षरता पहलों और देशव्यापी सहयोगात्मक लोक संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से निवेशकों की शिक्षा, जागरूकता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story