होली के रंगों से सजे बाजार, ग्राहकों के बीच भारतीय उत्पादों का बोलबाला

WhatsApp Channel Join Now
होली के रंगों से सजे बाजार, ग्राहकों के बीच भारतीय उत्पादों का बोलबाला


नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स)। चांदनी चौक से सांसद तथा कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि देश के छोटे व्यापारियों, कारीगरों, स्टार्टअप्स और घरेलू उद्योगों के लिए भी बड़े आर्थिक अवसर लेकर आता है। उन्होंने कहा कि इस बार बाजारों में भारतीय उत्पादों का बोलबाला है।

प्रवीण खंडेलवाल ने रविवार को कहा कि इस वर्ष होली पर देशभर में लगभग 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।विशेष बात यह है कि इस बार बाजारों में स्वदेशी उत्पादों की भरपूर मांग देखी जा रही है। देश के लगभग सभी शहरों और कस्बों में बाजार पूरी तरह सज चुके हैं और व्यापार में तेजी दिखाई दे रही है। इस बार बाजारों में हर्बल, ऑर्गेनिक और त्वचा के अनुकूल रंगों की मांग लगातार बढ़ रही है। हल्के, केमिकल-फ्री और प्राकृतिक रंग छोटे पैक से लेकर बड़े पाउच तक बड़ी संख्या में बिक रहे हैं। खंडेलवाल ने कहा कि बच्चों और युवाओं के बीच पिचकारियों की भी जबरदस्त मांग है। बाजार में विभिन्न डिज़ाइन की पानी की बंदूकें, पंप वाली पिचकारी और आकर्षक कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारियाँ ग्राहकों को खास तौर पर आकर्षित कर रही हैं।

खंडेलवाल ने कहा कि होली के अवसर पर रंग-बिरंगे टी-शर्ट, स्कार्फ, होली स्पेशल कुर्ते और कैजुअल कपड़े भी बड़ी मात्रा में खरीदे जा रहे हैं। होली थीम के प्रिंट, स्लोगन और रंगीन डिज़ाइन वाले परिधान युवाओं में विशेष रूप से लोकप्रिय हो रहे हैं। खान-पान के क्षेत्र में भी होली का बाजार पूरी तरह गुलज़ार है। देशभर में होली मिलन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और होली उत्सवों के कारण न केवल व्यापार को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।

खंडेलवाल ने कहा कि इस वर्ष बाजारों में स्वदेशी उत्पादों की बढ़ती मांग इस बात का संकेत है कि देश का उपभोक्ता अब भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देते हुए स्वदेशी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कैट ने देशवासियों से अपील की है कि वे इस होली पर स्वदेशी उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करें और भारतीय व्यापार एवं उद्योग को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story