हाई-टेक फ्लो सॉल्यूशंस लिमिटेड ने आईपीओ के लिए दाखिल किया डीआरएचपी

WhatsApp Channel Join Now
हाई-टेक फ्लो सॉल्यूशंस लिमिटेड ने आईपीओ के लिए दाखिल किया डीआरएचपी


नई दिल्ली/मुंबई, 18 सितंबर (हि.स.)। नई दिल्ली की कंपनी हाई-टेक फ्लो सॉल्यूशंस लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से फंड जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।

सेबी के समक्ष जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार नई दिल्ली स्थित कंपनी हाई-टेक फ्लो सॉल्यूशंस लिमिटेड के प्रस्तावित आईपीओ में दो रुपये प्रति इक्विटी शेयर की फेस वैल्यू वाले 300 करोड़ रुपये तक का नया इश्यू एवं प्रमोटरों और एक निवेशक द्वारा 'ऑफर-फॉर-सेल' (ओएफएस) शामिल है।

इस ओएफएस के तहत प्रमोटर अजय कुमार बंसल और विपुल बंसल तथा निवेशक 'द वेल्थ कंपनी अल्टरनेट ट्रस्ट-इंडिया इन्फ्लेक्शन अपॉर्चुनिटी फंड' अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे, जिसमें अजय कुमार बंसल 75 करोड़ रुपये और विपुल बंसल 25 करोड़ रुपये तक के शेयर ऑफर कर रहे हैं। वहीं, इन्वेस्टर-द वेल्थ कंपनी अल्टरनेट ट्रस्ट-इंडिया इन्फ्लेक्शन अपॉर्चुनिटी फंड 20,268,225 शेयर तक ऑफर कर रहा है।

हाई-टेक फ्लो सॉल्यूशंस लिमिटेड की योजाना नए इश्यू से मिलने वाली रकम में से करीब 126 करोड़ रुपये के इस्तेमाल नागपुर में मौजूद कंपनी की यूनिट में एपीआई -ग्रेड एचएसएडब्ल्यू पाइप बनाने वाली यूनिट और 3एलपीई कोटिंग यूनिट लगाने के लिए किया जाएगा, जबकि 90 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए होगा और कुछ हिस्सा आम कॉरपोरेट कामों के लिए रखा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 1993 में बनी ये कंपनी अलग-अलग कामों में इस्तेमाल होने वाले हेलिकल सबमर्ज्ड आर्क वेल्डेड (एचएसएडब्ल्यू) पाइप बनाती और सप्लाई करती है। ये कंपनी गुजरात के साणंद और महाराष्ट्र के नागपुर में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के ज़रिए भारत के 17 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में फ्लो सॉल्यूशन प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story