एचडीएफसी बैंक का पहली तिमाही में मुनाफा पांच फीसदी बढ़कर 19,059.72 करोड़ रुपये, एनपीए में भी सुधार
नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। निजी क्षेत्र के सबसे बड़े एचडीएफसी बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 (अप्रैल-जून) की पहली तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित कर दिए हैं। बैंक का एकल आधार (स्टैंडअलोन) पर शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) सालाना आधार पर लगभग पांच प्रतिशत बढ़कर 19,059.72 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक ने 18,155.21 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था।
एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में बताया कि पहली तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय घटकर 92,184 करोड़ रुपये रह गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में यह 99,200 करोड़ रुपये थी।
बैंक के अनुसार, एकीकृत (कंसोलिडेटेड) आधार पर पहली तिमाही में शुद्ध लाभ बढ़कर 19,245 करोड़ रुपये रहा। इसके साथ ही बैंक की ब्याज आय (इंटरेस्ट अर्न्ड) बढ़कर 79,363 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 77,470 करोड़ रुपये थी।
बैंक ने बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसकी शुद्ध ब्याज आय (नेट इंटरेस्ट इनकम-एनआईआई) सात प्रतिशत बढ़कर 33,530 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 31,440 करोड़ रुपये थी। बैंक के अनुसार, ऋण वितरण में वृद्धि और मजबूत परिचालन प्रदर्शन का सकारात्मक प्रभाव शुद्ध ब्याज आय पर देखने को मिला।
तिमाही परिणामों में बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता (एसेट क्वालिटी) में भी सुधार दर्ज किया गया। अप्रैल-जून तिमाही के अंत तक सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (ग्रॉस एनपीए) घटकर कुल ऋण का 1.17 प्रतिशत रह गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 1.40 प्रतिशत थी।
इसी तरह शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (नेट एनपीए) भी घटकर 0.41 प्रतिशत पर आ गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 0.47 प्रतिशत थी। बैंक ने कहा कि एनपीए में कमी उसके ऋण पोर्टफोलियो की गुणवत्ता में सुधार का संकेत है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

