एचडीएफसी बैंक का दूसरी तिमाही में मुनाफा 5.55 फीसदी बढ़कर 20,700 करोड़ रुपये पर

WhatsApp Channel Join Now
एचडीएफसी बैंक का दूसरी तिमाही में मुनाफा 5.55 फीसदी बढ़कर 20,700 करोड़ रुपये पर


एचडीएफसी बैंक का दूसरी तिमाही में मुनाफा 5.55 फीसदी बढ़कर 20,700 करोड़ रुपये पर


नई दिल्ली,17 अक्टूबर (हि.स.)। देश के सबसे बड़े एवं निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे की घोषणा कर दी है। बैंक का सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 5.55 फीसदी बढ़कर 20,700 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 19,611 करोड़ रुपये रहा था।

एचडीएफसी बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान एकल आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ 4.7 फीसदी उछलकर 19,510 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। वहीं, बैंक की कुल आय पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के 91,040 करोड़ रुपये से बढ़कर जुलाई-सितंबर में 97,258 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि बैंक का कुल खर्च 63,117 करोड़ रुपये से बढ़कर 67,774 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

बैंक ने कहा कि जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान प्रावधानों और आकस्मिकताओं के लिए अलग रखी गई राशि मामूली बढ़कर 3,573.62 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 3,500 करोड़ रुपये थी। बैंक ने कहा कि ट्रेजरी प्रदर्शन को छोड़कर, कर पश्चात लाभ (पीएटी) में सालाना आधार पर 12.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

एचडीएफसी बैंक ने बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) अनुपात सुधरकर 1.11 फीसदी पर आ गया, जो पिछली तिमाही में 1.17 फीसदी और पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ये 1.24 फीसदी था। बैंक का समग्र पूंजी पर्याप्तता अनुपात (सीएआर) 30 सितंबर, 2026 तक 18.9 फीसदी रहा, जो एक साल पहले 20 फीसदी था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story