एचडीएफसी बैंक ने एमसीएलआर आधारित लोन दर 0.10 फीसदी तक बढ़ाई
नई दिल्ली, 09 जून (हि.स)। निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक ने सीमांत लागत आधारित उधारी दर (एमसीएलआर) में 0.10 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है। दो साल की अवधि वाले कर्ज पर अब यह दर 8.45 फीसदी से बढ़कर 8.55 फीसदी हो गई है। नई दरें 8 जून से प्रभावी हो गई हैं।
बैंक ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि बैंक के इस कदम का सीधा असर उन उधारकर्ताओं की ईएमआई पर पड़ेगा, जिनके लोन एमसीएलआर सिस्टम से जुड़े हैं। इसी तरह वाहन, आवास एवं व्यक्तिगत ऋण जैसे अधिकांश उपभोक्ता ऋणों के लिए मानक माना जाने वाला एक वर्षीय एमसीएलआर 0.05 फीसदी बढ़कर अब 8.40 फीसदी हो गया है। इसके अलावा 24 घंटे, तीन महीने, छह महीने और तीन साल की अवधि वाले कर्ज की दरों में भी 0.05 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है।
क्या होता है एमसीएलआर
एमसीएलआर वह आधार दर होती है, जिस पर बैंक अपने अधिकांश कर्जों की ब्याज दर तय करते हैं। इस फैसले का असर ग्राहकों के आवासीय ऋण, वाहन ऋण और व्यक्तिगत ऋण की मासिक किस्तों पर पड़ सकता है। एचडीएफसी बैंक का यह कदम ऐसे समय में आया है, जब रिजर्व बैंक ने नीतिगत दर रेपो रेट में लगातार दूसरी बार कोई बदलाव नहीं किया। फिलहाल रेपो रेट 5.25 फीसदी पर स्थिर बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

