एचडीएफसी बैंक के अंतरिम चेयरमैन केकी मिस्त्री का कार्यकाल तीन महीने बढ़ा

WhatsApp Channel Join Now
एचडीएफसी बैंक के अंतरिम चेयरमैन केकी मिस्त्री का कार्यकाल तीन महीने बढ़ा


नई दिल्ली, 18 जून (हि.स)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक के अंतरिम अंशकालिक चेयरमैन के रूप में केकी मिस्त्री के कार्यकाल को 3 महीने तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।

एचडीएफसी ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘आरबीआई ने बैंक के आवेदन पर 18 जून को प्राप्त संचार के माध्यम से यह मंजूरी दी गई है।‘‘ बैंक ने बताया कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने केकी मिस्त्री के पार्ट-टाइम चेयरमैन के तौर पर कार्यकाल को तीन महीने बढ़ाने की मंज़ूरी दे दी है। यह कार्यकाल 18 सितंबर, 2026 तक या किसी रेगुलर पार्ट-टाइम चेयरमैन की नियुक्ति होने तक (इनमें से जो भी पहले हो) बढ़ाया गया है।

बैंक ने गुरुवार को जारी बयान में यह भी बताया कि उसके निदेशक मंडल ने बैंक की 32वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) 5 अगस्त को आयोजित करने को मंजूरी दी है। इस एजीएम में 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 13 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के लाभांश भुगतान को भी मंजूरी दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि केकी मिस्त्री, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड, एचडीएफसी कैपिटल एडवाइजर्स लिमिटेड, द ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग कंपनी लिमिटेड, केएटीबी कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड, ब्रूकप्रॉप मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मंडल में भी सदस्य हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story