जीएसटी परिषद की बैठक अब आठ अक्टूबर को होगी, कई अहम बदलाव संभव

WhatsApp Channel Join Now
जीएसटी परिषद की बैठक अब आठ अक्टूबर को होगी, कई अहम बदलाव संभव


जीएसटी परिषद की बैठक अब आठ अक्टूबर को होगी, कई अहम बदलाव संभव


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) से संबंधित मामलों के सर्वोच्च निकाय जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक अब सात अक्टूबर की बजाय आठ अक्टूबर को होगी। यह बैठक सुबह 11 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित की जाएगी।

जीएसटी परिषद सचिवालय ने सोमवार को एक कार्यालय ज्ञापन में कहा कि ‘अपरिहार्य परिस्थितियों’ के कारण बैठक की तारीख बदल दी गई है। पहले यह बैठक सात अक्टूबर को होने वाली थी। जीएसटी परिषद की बैठक की तारीख में दूसरी बार बदलाव किया गया है।

इससे पहले यह बैठक 12 सितंबर को होने वाली थी, लेकिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के कारण इसे सात अक्टूबर के लिए टाल दिया गया था। नयी दिल्ली में 12-13 सितंबर को ब्रिक्स सम्मेलन हुआ था।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता वाली जीएसटी परिषद की बैठक में पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने और रिफंड की व्यवस्था में बदलाव पर चर्चा होने का अनुमान है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, परिषद जीएसटी संबंधी अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने, जीएसटी अधिकारियों की गिरफ्तारी की शक्तियां खत्म करने और ई-कॉमर्स आपूर्तिकर्ताओं सहित कारोबारियों के लिए कर अनुपालन आसान बनाने से जुड़े व्यापक प्रक्रियागत सुधारों पर विचार कर सकती है।

परिषद जीएसटी से जुड़े विवादों के समाधान के लिए नीतिगत सुधारों और इनपुट टैक्स क्रेडिट के प्रवाह को बेहतर बनाने के उपायों पर भी विचार करेगी। इसका मकसद अनुपालन में लगने वाले समय और लागत को कम करना है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story