सकल जीएसटी राजस्व संग्रह अगस्त में 14.8 फीसदी बढ़कर करीब दो लाख करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
सकल जीएसटी राजस्व संग्रह अगस्त में 14.8 फीसदी बढ़कर करीब दो लाख करोड़ रुपये


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। देश का जीएसटी राजस्व संग्रह अगस्त में सालाना आधार पर 14.8 फीसदी बढ़कर करीब 2 लाख करोड़ रुपये रहा है। पिछले साल अगस्त में कुल जीएसटी राजस्व संग्रह 1.74 लाख करोड़ रुपये रहा था।

जीएसटी महानिदेशालय ने मंगलवार को जारी आंकड़ों में बताया कि सकल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) राजस्व संग्रह अगस्त में सालाना आधार पर 14.8 फीसदी बढ़कर 1,99,853 करोड़ रुपये (करीब दो लाख करोड़ रुपये) रहा है। इस दौरान शुद्ध जीएसटी राजस्व संग्रह 1.68 लाख करोड़ रुपये रहा है, जो सालाना आधार पर 8.3 फीसदी की वृद्धि है।

आंकड़ों के अनुसार घरेलू लेनदेन से जीएसटी राजस्व 9.3 फीसदी बढ़कर 1.37 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। आयात से राजस्व 29 फीसदी की बढ़त के साथ 62,604 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसी तरह सकल केंद्रीय जीएसटी संग्रह अगस्त में 38,413 करोड़ रुपये रहा, राज्य जीएसटी संग्रह 46,316 करोड़ रुपये और एकीकृत जीएसटी संग्रह 1.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है।

जीएसटी महानिदेशालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अगस्त में ‘रिफंड’ (प्रतिदाय) 68 फीसदी बढ़कर 31,795 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story