दिल्ली विवि दीक्षांत समारोहः पीयूष गोयल ने विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान का आह्वान किया

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली विवि दीक्षांत समारोहः पीयूष गोयल ने विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान का आह्वान किया


दिल्ली विवि दीक्षांत समारोहः पीयूष गोयल ने विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान का आह्वान किया


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को यहां दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के स्नातकों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया। गोयल ने उनसे 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में योगदान देने का भी आह्वान किया।

गोयल ने दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें वार्षिक दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने अपने संबोधन में देश की आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पिछले एक दशक में लगभग 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं।

गोयल ने बताया कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनकर उभरा है। एक दशक पहले यहां कुछ सौ स्टार्टअप थे, जो अब बढ़कर 2,50,000 हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इनमें 130 से ज़्यादा यूनिकॉर्न शामिल हैं। गोयल ने स्नातकों के जीवन में उत्साह और उमंग की कामना करते हुए, उन्हें उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और उनके भविष्य के प्रयासों में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युवा भारतीय अब नौकरी खोजने वालों के बजाय नौकरी देने वाले (जॉब क्रिएटर्स) बन रहे हैं। वे प्रयोग करने, असफलता को स्वीकार करने और नई चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

दिल्ली विश्वविद्यालय के 104 साल के सफर का ज़िक्र करते हुए गोयल ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय 90 कॉलेजों और छह लाख से ज़्यादा स्टूडेंट्स तक बढ़ गई है और अपने 103 साल के इतिहास में कभी कोई कॉन्वोकेशन मिस नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय ने आजादी की लड़ाई, दूसरे विश्वयुद्ध और कोविड-19 महामारी के दौरान अपनी परंपरा जारी रखी। उन्होंने कहा कि कॉन्वोकेशन में मौजूद होना उनके लिए डबल ऑनर की बात है, जहां 400 से ज़्यादा डॉक्टरेट डिग्री, 1.7 लाख से ज्यादा बैचलर और मास्टर डिग्री और 160 से अधिक गोल्ड मेडल दिए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने स्नातकों को वंचित और हाशिए पर रहने वाले समुदायों के प्रति अपनी जिम्मेदारी पहचानने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनका अपना भविष्य उन लोगों से जुड़ा है, जिन्हें उनके समान अवसर नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि किसी एक व्यक्ति के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालने से मिलने वाली संतुष्टि का कोई मोल नहीं है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780316 Articles

Share this story