गोयल से मिले यूके के व्यापार सचिव पीटर काइल, भारत-ब्रिटेन एफटीए पर हुई चर्चा
- पीयूष गोयल ने यूके के व्यापार और वाणिज्य सचिव पीटर काइल का स्वागत किया
नई दिल्ली, 02 जून (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन के व्यापार एवं व्यवसाय सचिव पीटर काइल ने मंगलवार को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) को जल्द से जल्द लागू करना है।
गोयल ने बताया कि भारत-यूके आर्थिक जुड़ाव के अगले चरण की रूपरेखा तैयार करने, साझा व्यावसायिक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और हमारी सुदृढ़ एवं भविष्योन्मुखी साझेदारी को और अधिक सशक्त बनाने जैसे विषयों पर हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई। गोयल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच होने वाली चर्चाओं में उन मुख्य क्षेत्रों की समीक्षा की जाएगी, जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता है। इनमें यूके के स्टील सुरक्षा उपाय और बाज़ार तक पहुंच से जुड़ी चिंताएं शामिल हैं।
जानकारों का कहना है कि भारत ने कुछ ब्रिटिश उत्पादों, जिनमें स्कॉच व्हिस्की भी शामिल है, उस पर टैरिफ में छूट से जुड़े मुद्दे उठाए हैं, क्योंकि दोनों देश व्यापार से जुड़े उन लंबित मामलों को सुलझाने की दिशा में काम कर रहे हैं। भारत-यूके सीईटीए से कई सेक्टरों में टैरिफ कम होने से दोनों देशों के बीच व्यापार में काफी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इस समझौते से भारत के 99 फीसदी एक्सपोर्ट को ड्यूटी-फ्री पहुंच मिलेगी, जिसमें टेक्सटाइल, चमड़े का सामान, इंजीनियरिंग उत्पाद और कई मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

