केंद्रीय वाणिज्य मंत्री गोयल ने रोम में प्रमुख इतालवी कंपनियों के सीईओ के साथ बैठकें कीं, अहम मुद्दों पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री गोयल ने रोम में प्रमुख इतालवी कंपनियों के सीईओ के साथ बैठकें कीं, अहम मुद्दों पर चर्चा


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रोम में प्रमुख इतालवी कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ बैठकें कीं। इस बैठक में ऊर्जा उपकरण, निर्माण, विमानन, स्वच्छ ऊर्जा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों में निवेश, प्रौद्योगिकी साझेदारी तथा संयुक्त उद्यमों पर चर्चा हुई।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि गोयल ने इटली के रोम की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान 17 नवंबर को इटली की प्रमुख कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं।

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने वाल्टर टोस्टो एस.पी.ए. के प्रबंध निदेशक लुका टोस्टो, नॉर्डइम्पियांटी सिस्टम एस.आर.एल. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जियान पिएरो गाग्लियार्डी, एटिटेक के अध्यक्ष जियानी लेटिएरी, मागाल्डी ग्रीन एनर्जी की प्रबंध निदेशक सुश्री लेटिजिया मागाल्डी और ब्राको इमेजिंग एस.पी.ए. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फुल्वियो रेनोल्डी ब्राको के साथ बैठकें कीं।

गोयल के साथ इन बैठकों में भारत में इटली का निवेश बढ़ाने, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और भारतीय साझेदारों के साथ संयुक्त उद्यम स्थापित करने पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इतालवी कंपनियों ने अपनी प्रौद्योगिकियां भारत लाने और विनिर्माण, विमान रखरखाव, थर्मल ऊर्जा भंडारण तथा औषधीय सामग्री जैसे क्षेत्रों में भारतीय उद्योगों के साथ सहयोग करने में रुचि व्यक्त की।

पीयूष गोयल ने कंपनियों द्वारा दिखाई गई रुचि का स्वागत किया और उन्हें भारत के बुनियादी ढांचे, विमानन तथा स्वास्थ्य सेवा सेक्टरों सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय उद्योगों के साथ साझेदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया।

मंत्रालय ने कहा कि भविष्य की कार्ययोजना के तहत उपयुक्त भारतीय संयुक्त उद्यम साझेदारों की पहचान करने, पायलट परियोजनाओं पर काम करने, लागत-तुलना संबंधी अध्ययन करने और भारतीय संस्थानों के साथ संयुक्त अध्ययन करने की आवश्यकता पर सहमति जताई गई।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि ये बैठकें ऐसे समय में हुई हैं, जब भारत और इटली अपनी विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं और वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को प्रतिवर्ष 20 अरब यूरो तक पहुंचाने के लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे हैं।

गोयल ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में लिखा, रोम में 'मगाल्डी ग्रीन एनर्जी' की प्रबंध निदेशक सुश्री लेतिज़िया मगाल्डी के साथ अच्छी बैठक हुई। हमने स्वच्छ ऊर्जा समाधानों के क्षेत्र में भारत-इटली के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। इसमें मुख्य रूप से उन्नत थर्मल ऊर्जा भंडारण, औद्योगिक ऊर्जा दक्षता में सुधार और टिकाऊ तकनीकों को अपनाने की प्रक्रिया में तेज़ी लाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story