गोयल ने अमेरिकी कंपनियों को भारत में निवेश के लिए आने का दिया न्योता

WhatsApp Channel Join Now
गोयल ने अमेरिकी कंपनियों को भारत में निवेश के लिए आने का दिया न्योता


गोयल ने अमेरिकी कंपनियों को भारत में निवेश के लिए आने का दिया न्योता


नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अपनी अमेरिका की यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क में कई प्रमुख अमेरिकी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठकें की। गोयल ने इस बैठकों के दौरान उन्हें भारत में निवेश एवं कारोबार के अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया है।

अमेरिका के दौरे पर गए गोयल ने इस सप्ताह न्यूयॉर्क में अग्रणी अमेरिकी कंपनियों के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ भारत-अमेरिका व्यापार को सुदृढ़ करने के अवसरों पर चर्चा करने और शीर्ष अमेरिकी कंपनियों को भारत में निवेश करने के लिए अवसरों का पता लगाने के लिए आमंत्रित करने के लिए कई बैठकें कीं। गोयल ने ब्लैकस्टोन के अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) जोनाथन ग्रे और ब्लैकस्टोन के अंतरराष्ट्रीय निजी इक्विटी कारोबार के चेयरमैन प्रकाश मेलवानी से मुलाकात की। इस बैठक में भारत में ब्लैकस्टोन के निवेश तथा विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को और विस्तार देने पर चर्चा हुई।

गोयल ने न्यूबर्गर बर्मन के चेयरमैन और सीईओ जॉर्ज वॉकर और उनकी नेतृत्व टीम के वरिष्ठ सदस्यों से मुलाकात की। चर्चा में निवेश संबंधों को गहरा करने और वित्तीय एवं धन प्रबंधन सेवाओं में भागीदारी को सुदृढ़ करने के अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया। द एस्टी लॉडर कंपनीज़ के अध्यक्ष और सीईओ स्टीफ़न डी ला फ़ेवेरी से मुलाकात में उन्होंने भारत में विकास के अवसरों पर चर्चा की, जिसमें विनिर्माण और सोर्सिंग में वृद्धि के माध्यम से विकास के अवसर और भारत के बढ़ते ब्यूटी एंड पर्सनल केयर मार्केट शामिल हैं।

वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक आईबीएम के चेयरमैन और सीईओ अरविंद कृष्णा के साथ हुई उनकी मुलाकात में भारत में आईबीएम की भागीदारी को और सुदृढ़ करने तथा एआई, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वांटम कंप्यूटिंग और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग का विस्तार करने पर चर्चा केंद्रित रही। मेटलाइफ के अध्यक्ष और सीईओ मिशेल ए. खलाफ के साथ बैठक में चर्चा का केंद्र भारत में कंपनी के विकास के अवसरों और बीमा एवं वित्तीय सेवा सेक्टर के विस्तार पर रहा।

गोयल ने जनरल अटलांटिक के चेयरमैन और सीईओ विलियम ई. फोर्ड से मुलाकात में भारत के साथ कंपनी के निवेश एवं व्यापारिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने एआईए ग्रुप के गैर-कार्यकारी अध्यक्ष मार्क टकर से भी मुलाकात की। चर्चा का केंद्र बिंदु भारत में एआईए की भागीदारी और बीमा एवं वित्तीय सेवा सेक्टरों में विद्यमान अवसर थे। इनमें भारत के '2047 तक सभी के लिए बीमा' के विजन के संदर्भ में भी विचार-विमर्श शामिल था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story