सरकार ने राज्यों को कर हस्तांतरण की 1,09,019 करोड़ रुपये की अतिरिक्त किस्त जारी की
नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। केंद्र सरकार ने राज्यों को उनकी पूंजी और विकासात्मक खर्च को तेज करने के लिए एक अग्रिम किस्त के तौर पर 1,09,019 करोड़ रुपये के कर हस्तांतरण की अतिरिक्त किश्त जारी की है। यह सामान्य मासिक राशि के अतिरिक्त है।
वित्त मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि केंद्र ने राज्य सरकारों को 1.09 लाख करोड़ रुपये के कर हस्तांतरण की अतिरिक्त किश्त जारी की है। ये राशि सामान्य मासिक धनराशि के अतिरिक्त है। इस समय एक वित्त वर्ष के दौरान केंद्र द्वारा एकत्र किए गए करों का 41 प्रतिशत राज्यों को 14 किश्तों में हस्तांतरित किया जाता है।
मंत्रालय ने कहा, ”केंद्र सरकार ने 1 अगस्त को राज्य सरकारों को 1,09,019 करोड़ रुपये के कर हस्तांतरण की अतिरिक्त किश्त जारी की है, जो 10 अगस्त को जारी किए जाने वाले सामान्य मासिक हस्तांतरण के अतिरिक्त है।” ये धनराशि 10 अगस्त को निर्धारित नियमित मासिक हस्तांतरण के अतिरिक्त है।
वित्त मंत्रालय द्वारा राज्यवार जारी धनराशि के विवरण के अनुसार उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक 19,208 करोड़ रुपये मिले हैं। इसके बाद बिहार को 10,845 करोड़ और मध्य प्रदेश को 8,010 करोड़ रुपये मिले है। पश्चिम बंगाल को 7,666 करोड़ और महाराष्ट्र को 7,022 करोड़ रुपये मिले। साथ ही छोटे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी उनका हिस्सा मिला है। इनमें सिक्किम को 365 करोड़ गोवा को 398 करोड़ और नागालैंड को 524 करोड़ रुपये मिले, जो सूची में सबसे कम आवंटन वाले राज्य शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि इस अतिरिक्त किस्त का उद्देश्य राज्यों को पूंजी और विकास व्यय में तेजी लाने के लिए अधिक अवसर प्रदान करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

