25 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं निर्यात को मंजूरी, डीजीएफटी ने अधिसूचित किया
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स)। केंद्र सरकार ने 25 लाख मीट्रिक टन (एमटी) अतिरिक्त गेहूं के निर्यात को मंज़ूरी दे दी है, जिससे गेहूं का कुल निर्यात बढ़कर 5 5 लाख मीट्रिक टन हो गया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने इसे अधिसूचित कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को दी गई जानकारी में बताया कि वाणिज्य मंत्रालय के तहत कार्यरत विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने अतिरिक्त 25 लाख मीट्रिक टन (एमटी) गेहूं के निर्यात की अनुमति देने के सरकार के फैसले को अधिसूचित कर दिया है।
केंद्र ने 20 अप्रैल को एक और अच्छी फसल की संभावना के बीच भंडार की आरामदायक स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त 25 लाख मीट्रिक टन (एमटी) गेहूं के निर्यात की अनुमति दी थी। इसके साथ ही कुल 50 लाख मीट्रिक टन गेहूं और 10 लाख मीट्रिक टन गेहूं उत्पादों के निर्यात की अनुमति मिल गई है।
विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने जारी अधिसूचना में बताया, ”गेहूं की निर्यात नीति प्रतिबंधित बनी रहेगी। हालांकि, अतिरिक्त 25 लाख मीट्रिक टन गेहूं के निर्यात की अनुमति है।” इसमें कहा गया कि इसके लिए विस्तृत तौर-तरीकों को एक अलग आदेश के माध्यम से अधिसूचित किया जाएगा।
अधिसूचना में कहा गया, ”इसके अलावा 13 मई, 2022 की डीजीएफटी की अधिसूचना में उल्लेखित मौजूदा नीतिगत स्थिति लागू रहेगी, जिसमें भारत सरकार के द्वारा अन्य देशों को उनकी खाद्य सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए दी गई अनुमति और उनकी सरकारों के अनुरोध के आधार पर भी निर्यात की अनुमति दी जाएगी। यह मात्रा उक्त 25 लाख मीट्रिक टन गेहूं निर्यात की अनुमति के अतिरिक्त होगी।”
उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्रालय के दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार फसल वर्ष 2025-26 (जुलाई-जून) के लिए देश का गेहूं उत्पादन 12.02 करोड़ टन रहने का अनुमान जताया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

