दस और 20 रुपये के एक अरब पॉलिमर बैंक नोट लाने को सरकार की मंजूरी
नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। केंद्र सरकार ने 10 और 20 रुपये के एक अरब पॉलीमर बैंक नोट लाने की मंजूरी दे दी है। इन दोनों दो मूल्य वर्गों के 100-100 करोड़ पॉलीमर नोट जारी किए जाएंगे, जिसकी फील्ड ट्रायल को मंजूरी दे दी गई है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने मंगलवार को राज्यसभा में लिखित जवाब में बताया कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने अपने सेंट्रल बोर्ड की सिफारिश पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया एक्ट, 1934 की धारा 25 के अंतर्गत सरकार को एक प्रस्ताव भेजा था। केंद्र सरकार ने फील्ड ट्रायल के लिए 10 और 20 रुपये के एक अरब पॉलीमर बैंक नोट लाने को अपनी मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव में फील्ड ट्रायल के लिए 10 रुपये और 20 रुपये के एक-एक अरब पॉलीमर बैंकनोट लाने और फील्ड ट्रायल के सफल होने के बाद इन दो मूल्य वर्गों में पॉलीमर बैंकनोटों को नियमित रूप से जारी करने की बात कही गई थी।
उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक के अनुसार इन पॉलिमर बैंकनोट्स को कागज वाले बैंकनोट्स के साथ ही जारी करने का प्रस्ताव है। उन्होंने बताया कि आरबीआई ने जानकारी दी है कि खरीद की प्रक्रिया अभी शुरुआती चरण में है, इसलिए अभी यह बताना मुमकिन नहीं है कि पॉलीमर बैंकनोट कब लाए जाएंगे या उन पर कितना खर्च आएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

