चौदह महीने के निचले स्तर पर आया सोना, बिगड़ी गोल्ड लोन शेयरों की चाल

WhatsApp Channel Join Now
चौदह महीने के निचले स्तर पर आया सोना, बिगड़ी गोल्ड लोन शेयरों की चाल


चौदह महीने के निचले स्तर पर आया सोना, बिगड़ी गोल्ड लोन शेयरों की चाल


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की चमक फीकी पड़ने का सीधा असर गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में गोल्ड लोन कंपनियों के शेयरों की चाल पर नजर आया। विदेशी बाजार में सोना 14 महीने के निचले स्तर के करीब पहुंच गया है, जिससे गोल्ड फाइनेंस सेक्टर के निवेशकों में चिंता बढ़ गई है। इसकी वजह से गुरुवार को प्रमुख गोल्ड लोन कंपनियों के शेयरों में करीब 3 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि आज दोपहर एक बजे तक के कारोबार के दौरान इन कंपनियों के शेयर में निचले स्तर से कुछ रिकवरी होती हुई नजर आ रही है।

दोपहर के कारोबारी सत्र में गोल्ड फाइनेंस सेक्टर की दिग्गज कंपनियों पर बिकवाली का दबाव बना रहा। इस गिरावट में सबसे ज्यादा नुकसान आईआईएफएल फाइनेंस के शेयरों को उठाना पड़ा। शुरुआती कारोबार में 635.10 रुपये के निचले स्तर तक फिसलने के बाद दोपहर एक बजे तक कंपनी का शेयर 2.92 प्रतिशत लुढ़क कर 642.65 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह मुथूट फाइनेंस के शेयरों में भी शुरुआती तेज गिरावट के बाद कुछ सुधार दिखा और यह 0.50 प्रतिशत टूट कर 2,626.90 रुपये पर आ गया। मणप्पुरम फाइनेंस का शेयर भी 0.21 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 282.40 रुपये के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।

दूसरी ओर, ज्वेलरी सेक्टर (आभूषण बनाने और बेचने वाली कंपनियां) के शेयरों में मिला-जुला रुख नजर आ रहा है। कल्याण ज्वेलर्स के शेयरों ने शुरुआती सुस्ती से उबरते हुए तेजी पकड़ी और दोपहर एक बजे तक यह 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 657.25 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, पीसी ज्वेलर का शेयर दबाव में नजर आया और यह 14.50 से 14.74 रुपये के दायरे में कमजोर कारोबार करता दिखा।

दरअसल, सोने से जुड़ी इन कंपनियों के शेयरों में उतार-चढ़ाव की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय सर्राफा बाजार में आई बड़ी कमजोरी है। बुधवार को वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में 3.2 प्रतिशत की भारी गिरावट आई थी। इस गिरावट के कारण यह चमकीली धातु 3,726.19 डॉलर प्रति औंस पर आ गया था। कारोबार के दौरान एक समय यह 3,719.55 डॉलर के निचले स्तर तक फिसल गया था, जो सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। गुरुवार को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना संभल नहीं पाया और हाजिर सोना 3,725 डॉलर प्रति औंस के आसपास सुस्त कारोबार करता दिखा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की इस बड़ी गिरावट के पीछे अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के सख्त रुख को जिम्मेदार माना जा रहा है। फेडरल रिजर्व की हालिया बैठक के मिनट्स सामने आने के बाद यह संकेत मिले हैं कि महंगाई को 2 प्रतिशत के लक्ष्य तक लाने के लिए आने वाले महीनों में ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की जा सकती है। ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से डॉलर मजबूत हो रहा है और बिना ब्याज देने वाले निवेश विकल्प के रूप में सोने का आकर्षण कम हो रहा है। गौरतलब है कि फरवरी के अंत में शुरू हुए अमेरिका-ईरान संघर्ष के बाद से अब तक सोने की कीमत में करीब 30 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आ चुकी है।

विदेशी बाजार की इस कमजोरी का असर घरेलू सर्राफा बाजार और कमोडिटी एक्सचेंज पर भी साफ दिखाई दिया। गुरुवार को घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोने का भाव 0.7 प्रतिशत गिर कर 1,28,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर भी सोने का वायदा भाव करीब 0.40 से 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,29,300 से 1,29,440 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में कारोबार करता नजर आया।

बाजार के जानकारों का मानना है कि सोने की कीमत में लगातार गिरावट गोल्ड लोन कंपनियों के कारोबार के लिए चुनौती पैदा कर सकती है। जब सोने के दाम गिरते हैं तो कर्ज के बदले गिरवी रखे गए गहनों की कीमत कम हो जाती है। इससे कंपनियों के लोन-टू-वैल्यू (एलटीवी) रेशियो पर दबाव पड़ता है और समान मात्रा के सोने पर नया कर्ज देने की क्षमता सीमित हो जाती है। दूसरी ओर, ज्वेलरी कंपनियों के लिए सस्ता सोना खुदरा मांग बढ़ने की उम्मीद जगाता है, जिससे कल्याण ज्वेलर्स जैसे शेयरों को निचले स्तरों पर खरीदारी का सहारा मिला है।

यदि साल 2026 के अब तक के प्रदर्शन पर नजर डालें तो गोल्ड फाइनेंस कंपनियों के शेयर निवेशकों को निराश करते दिखे हैं। इस साल मुथूट फाइनेंस और मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि आईआईएफएल फाइनेंस अब भी सालाना आधार पर बढ़त में बना हुआ है। इसके विपरीत, ज्वेलरी शेयरों ने इस साल शानदार प्रदर्शन किया है और कल्याण ज्वेलर्स तथा पीसी ज्वेलर दोनों ने निवेशकों को मजबूत रिटर्न दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779606 Articles

Share this story