गोवा में वैश्विक पवन दिवस सम्मेलन 15 जून को
नई दिल्ली, 12 जून (हि.स)। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय पवन ऊर्जा विकास को बढ़ावा देने के लिए 15 जून को गोवा में वैश्विक पवन दिवस-2026 सम्मेलन का आयोजन करेगा। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी भारत की पवन ऊर्जा महत्वाकांक्षाओं को गति देने वाले इस समारोह का नेतृत्व करेंगे।
मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय 15 जून को गोवा में पवन ऊर्जा: महत्वाकांक्षा से गतिमान बनाए जाने तक विषय पर वैश्विक पवन दिवस 2026 सम्मेलन का आयोजन करेगा। भारत अभी विश्व का चौथा सबसे बड़ा पवन ऊर्जा बाजार है। वर्ष 2030 तक 100 गीगावाट और 2035 तक 155 गीगावाट के लक्ष्य के साथ भारत के 2070 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता और शुद्ध शून्य उत्सर्जन के लक्ष्य के लिए पवन ऊर्जा महत्वपूर्ण है।
मंत्रालय के मुताबिक इस सम्मेलन में सरकार, नियामकों, विकासकर्ताओं, विनिर्माताओं और विशेषज्ञों के साथ पूर्ण सत्र और पैनल परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि उपकरणों को स्थापित करने में तेजी लाने, क्रियान्वयन में सुधार और घरेलू क्षमता मजबूत करने के व्यावहारिक उपायों की पहचान की जा सके। इस क्षेत्र में विकास द्वितीय चरण में प्रवेश करने के साथ ही वैश्विक पवन दिवस 2026 का गोवा आयोजन सतत विस्तार और स्वच्छ ऊर्जा महत्वाकांक्षाओं के लिए भविष्य योजना तैयार करने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
मंत्रालय ने कहा कि इस सममेलन में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा सचिव संतोष कुमार सारंगी, मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधि, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण, सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी, राष्ट्रीय पवन ऊर्जा संस्थान, ग्रिड इंडिया, प्रमुख राज्य सरकारों और भारतीय पवन टरबाइन निर्माता संघ, विंड इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन और इंडियन विंड पावर एसोसिएशन सहित उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

