टेक और एआई शेयरों की आंधी से झूमे ग्लोबल बाजार, नैस्डैक में 6.7 प्रतिशत और एसएंडपी में 5.6 प्रतिशत की शानदार साप्ताहिक उछाल
नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। ग्लोबल स्टॉक मार्केट के लिए यह सप्ताह शानदार वापसी और जबरदस्त तेजी वाला साबित हुआ, जहां पिछले सप्ताह की भारी गिरावट को पीछे छोड़ते हुए अमेरिका, यूरोप और एशिया के प्रमुख इंडेक्सों ने जोरदार छलांग लगाई। अमेरिकी शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट पर थैंक्सगिविंग होलिडे के चलते छोटे रहे इस सप्ताह में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर शेयरों में लौटी तूफानी खरीदारी ने बाजार को नई ऊंचाई दी।
पूरे सप्ताह के कारोबार में एसएंडपी 500 इंडेक्स 5.6 प्रतिशत उछल कर 7,297.49 अंक पर बंद हुआ, जो अप्रैल, 2025 के बाद इसकी सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त है। इसी तरह डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 5.5 प्रतिशत यानी 2,627.61 अंक की छलांग लगा कर 50,774.94 अंक और नैस्डैक कंपोजिट 6.7 प्रतिशत यानी 1,511.77 अंक की शानदार तेजी के साथ 24,129.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
यूरोपीय बाजारों में भी इस सप्ताह चौतरफा खरीदारी का माहौल बना रहा और सभी प्रमुख इंडेक्स मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। ब्रिटेन का एफटीएसई 100 इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 3.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 14,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुए 14,026.92 अंक पर बंद हुआ। इसके अलावा जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स भी मजबूती के साथ 25,279 अंक के ऊपर और फ्रांस का सीएसी 40 इंडेक्स 8,130 अंक के पार बंद होने में सफल रहा। यूरोपीय बाजारों में माइनिंग, इंडस्ट्रियल और टेक्नोलॉजी शेयरों की तेजी ने इंडेक्सों को ऊपर खींचने में अहम भूमिका निभाई।
एशियाई बाजारों की बात करें, तो सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को चीन की ओर से बाजार को समर्थन देने के बड़े नीतिगत संकेतों और अमेरिकी टेक रैली के दम पर जोरदार उछाल दर्ज किया गया। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स मजबूत वापसी करते हुए 58,711.11 अंक पर बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी उछल कर 4,915.68 अंक के स्तर पर पहुंच गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 3.73 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,606.49 अंक और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 2.11 प्रतिशत बढ़ कर 22,694.77 अंक पर बंद हुआ।
इसके अलावा ताइवान वेटेड 39,151 अंक के पार, सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 4,962 अंक के ऊपर और इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट 5,242 अंक के स्तर पर मजबूती के साथ बंद हुए, जबकि थाईलैंड का सेट कंपोजिट 1,414 अंक के आसपास और गिफ्ट निफ्टी भारतीय बाजार की कमजोरी के चलते 25,600 अंक के दायरे में दबाव के साथ कारोबार करते दिखे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

