गेल और कृभको मिलकर आंध्र प्रदेश में लगाएंगे गैस आधारित उर्वरक संयंत्र, 12.7 लाख टन होगी यूरिया उत्पादन क्षमता

WhatsApp Channel Join Now
गेल और कृभको मिलकर आंध्र प्रदेश में लगाएंगे गैस आधारित उर्वरक संयंत्र, 12.7 लाख टन होगी यूरिया उत्पादन क्षमता


गेल और कृभको मिलकर आंध्र प्रदेश में लगाएंगे गैस आधारित उर्वरक संयंत्र, 12.7 लाख टन होगी यूरिया उत्पादन क्षमता


विशाखापत्तनम, 12 नवंबर (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र की प्राकृतिक गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड और कृषक भारती सहकारी लिमिटेड (कृभको) ने आंध्र प्रदेश में गैस आधारित उर्वरक संयंत्र स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के लिए बुधवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। प्रस्तावित संयंत्र की यूरिया उत्पादन क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष होगी।

यह संयंत्र आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के मुलापेटा में गेल की श्रीकाकुलम-अंगुल प्राकृतिक गैस पाइपलाइन (एसएपीएल) के किनारे स्थापित करने की परिकल्पना है। दोनों कंपनियां संयुक्त उद्यम (ज्वाइंट वेंचर) के माध्यम से इस परियोजना को लागू करने के लिए मिलकर काम करेंगी।

समझौता ज्ञापन पर गेल के कार्यकारी निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट, स्टार्टअप एवं अनुसंधान एवं विकास) संजय अग्रवाल और कृभको के कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) सीएस आजाद ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कृभको के अध्यक्ष वी. सुधाकर चौधरी, प्रबंध निदेशक एसएस यादव और गेल के निदेशक (व्यवसाय विकास) आरके सिंघल उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कृभको के अध्यक्ष वी. सुधाकर चौधरी ने कहा कि यह समझौता गेल और कृभको के बीच रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत है। प्राकृतिक गैस क्षेत्र में गेल की अग्रणी स्थिति और कृभको के अनुभव से प्रस्तावित परियोजना को सफलतापूर्वक लागू करने में मदद मिलेगी।

गेल के निदेशक आरके सिंघल ने कहा कि यह परियोजना भारत की गैस और उर्वरक मूल्य श्रृंखला के रणनीतिक एकीकरण का उदाहरण है। इससे टिकाऊ औद्योगिक और कृषि विकास को समर्थन देने की गेल की प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story