देश का विदेशी मुद्रा भंडार 9.06 अरब डॉलर बढ़कर 697.12 अरब डॉलर पर
नई दिल्ली/मुंबई, 10 अप्रैल (हि.स)। पश्चिम एशिया संकट के बीच आर्थिक र्मोचे पर अच्छी खबर है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार तीन अप्रैल को समाप्त हफ्ते में 9.06 अरब डॉलर बढ़कर 697.12 अरब डॉलर पहुंच गया।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 3 अप्रैल को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 9.06 अरब डॉलर बढ़कर 697.12 अरब डॉलर रहा है। इससे एक सप्ताह पहले 27 मार्च को समाप्त अवधि में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10.28 अरब डॉलर घटकर 688.06 अरब डॉलर रह गया था।
आरबीआई ने कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (एफसीए) इस अवधि में 1.78 अरब डॉलर बढ़कर 552.85 अरब डॉलर हो गईं। आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान स्वर्ण भंडार भी 7.22 अरब डॉलर बढ़कर 120.74 अरब डॉलर हो गया है।
आरबीआई के मुताबिक इसके अलावा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.70 अरब डॉलर हो गए, जबकि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित स्थिति 4.81 अरब डॉलर पर अपरिवर्तित रही है।
उल्लेखनीय है कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 27 फरवरी, 2026 को समाप्त हफ्ते में 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

