देश का विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड 729.328 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर
नई दिल्ली/मुंबई, 28 अगस्त (हि.स.)। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 9वें हफ्ते इजाफा हुआ है। देश के विदेशी मुद्रा भंडार में एक हफ्ते के दौरान 12.422 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। ये इससे पहले फरवरी 2026 में 728.5 अरब डॉलर के पिछले सर्वकालिक उच्चतम स्तर को भी पार कर गया है।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 21 अगस्त को समाप्त हफ्ते में 12.42 अरब डॉलर बढ़कर 729.328 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। इससे पिछले हफ्ते भी विदेशी मुद्रा भंडार 9.905 अरब डॉलर बढ़कर 716.907 अरब डॉलर हो गया था।
आंकड़ों के मुताबिक विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (एफसीए) में 9.482 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है, ये बढ़कर 591.333 अरब डॉलर हो गया है। इस अवधि के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.801 अरब डॉलर बढ़कर 114.218 अरब डॉलर हो गया।
इसके अलावा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) में 112 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज हुई है, जो अब बढ़कर 18.852 अरब डॉलर हो गया है। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की रिजर्व पोजिशन 26 मिलियन डॉलर बढ़कर 4.925 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

