देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14.20 अरब डॉलर घटकर 705.34 अरब डॉलर पर

WhatsApp Channel Join Now
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14.20 अरब डॉलर घटकर 705.34 अरब डॉलर पर


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। अर्थव्यवस्था के र्मोचे पर झटका लगने वाली खबर है। विदेशी मुद्रा भंडार में फिर गिरावट दर्ज हुई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 13 नवंबर को समाप्त हफ्ते में 14.20 अरब डॉलर घटकर अब 705.34 अरब डॉलर रह गया है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। रिजर्व बैंक की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक इससे पिछले हफ्ते में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.55 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया था।

आंकड़ों के मुताबिक 13 नवंबर को समाप्त हफ्ते के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक मानी जाने वाले विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां भी 7.9 अरब डॉलर घटकर 583.45 अरब डॉलर रह गईं। आरबीआई ने बताया कि इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 6.18 अरब डॉलर घटकर 98.61 अरब डॉलर रह गया।

केंद्रीय बैंक के अनुसार विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 9.2 करोड़ डॉलर घटकर 18.52 अरब डॉलर रह गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश का आरक्षित भंडार भी 3.2 करोड़ डॉलर घटकर 4.76 अरब डॉलर रहा है।

उल्लेखनीय है कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार चार सितंबर को समाप्त हफ्ते में 785.71 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट आ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story