फ्लिपकार्ट मिनट्स ने दर्ज की चार गुना वृद्धि, नेटवर्क 150 से ज्यादा शहरों तक पहुंचा
-सालाना आधार पर 4 गुना वृद्धि, 150+ शहरों में 1200 माइक्रो फुलफिलमेंट सेंटर
नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। देश के ऑनलाइन खुदरा बाजार में फ्लिपकार्ट की क्विक कॉमर्स पेशकश फ्लिपकार्ट मिनट्स ने लांचिंग के बाद तेजी से विस्तार करते हुए सालाना आधार पर चार गुना वृद्धि दर्ज की है। पिछले दो वर्षों में प्लेटफॉर्म का नेटवर्क बढ़कर 150 से अधिक शहरों में लगभग 1,200 माइक्रो फुलफिलमेंट सेंटर तक पहुंच गया है।
इस प्लेटफॉर्म ने शुरुआत से अब तक चार लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। कंपनी ने कहा कि इस वृद्धि में टियर 2+ बाजारों की अहम भूमिका देखने को मिल रही है। इसमें अंबाला, बाराबंकी, भागलपुर, दुर्गापुर, कानपुर, रुड़की, सिलीगुड़ी, सलेम और तिरुप्पुर जैसे शहरों में ग्राहक आधार सालाना आधार पर करीब 25 गुना बढ़ा है। इन बाजारों में मांग अब रोजमर्रा की जरूरतों तक सीमित नहीं है। कोरियन नूडल्स, सॉस और रेडी-टू-ईट मील्स जैसे उत्पादों के साथ-साथ प्रीमियम स्किनकेयर और पर्सनल केयर कैटेगरी में भी मजबूत मांग देखने को मिल रही है।
जेन जेड की बढ़ती भागीदारी से क्विक कॉमर्स का दायरा हुआ व्यापक
कंपनी ने कहा कि फ्लिपकार्ट मिनट्स पर जेन जेड (Gen Z) सबसे तेजी से बढ़ने वाला ग्राहक वर्ग बनकर उभरा है। पिछले 12 महीनों में इस वर्ग का ग्राहक आधार सालाना आधार पर करीब पांच गुना बढ़ा है। ब्यूटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, गेमिंग, वियरेबल्स, फ्रेगरेंस, हेल्थ एवं न्यूट्रिशन और ग्रूमिंग जैसी कैटेगरी में 45 फीसदी से अधिक ऑर्डर जेन जेड ग्राहकों द्वारा किए जाते हैं। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर गॉरमेट कैटेगरी के हर तीन में से एक ऑर्डर जेन जेड ग्राहक करते हैं। कंपनी के मुताबिक ये आंकड़े दिखाते हैं कि यह पीढ़ी क्विक कॉमर्स का इस्तेमाल रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर प्रीमियम और लाइफस्टाइल से जुड़ी अन्य श्रेणियों तक कहीं अधिक व्यापक उत्पादों की खरीदारी के लिए कर रही है।
कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रमुख कुणाल गुप्ता ने कहा कि पिछले दो साल में फ्लिपकार्ट मिनट्स महज सुविधा प्रदान करने वाली सेवा से आगे बढ़कर खरीदारी के एक व्यापक प्लेटफॉर्म के रूप में उभरा है। ग्राहक अब रोजमर्रा की जरूरतों के अलावा कई अन्य तरह के उत्पादों की खरीदारी के लिए भी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खास बात यह है कि खरीदारी का यह रुझान बड़े शहरों से बाहर भी तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही जेन जेड के ग्राहक प्लेटफॉर्म पर नई श्रेणियों के उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं और खरीदारी के नए अवसर भी तैयार कर रहे हैं। अपने बढ़ते नेटवर्क के जरिए हमारे पास देशभर में अधिक उपभोक्ताओं तक यह अनुभव पहुंचाने के साथ-साथ ब्रांड्स, किसानों और स्थानीय कारोबारों को ग्राहकों तक पहुंचने के नए अवसर उपलब्ध कराने की भी व्यापक संभावनाएं हैं।
भारत की बदलती शॉपिंग बास्केट
कंपनी ने बताया कि रोजमर्रा की जरूरतों और फल-सब्जियों के अलावा फ्लिपकार्ट मिनट्स पर प्रीमियम और एस्पिरेशनल कैटेगरी में भी मजबूत वृद्धि देखने को मिल रही है। पिछले एक साल के भीतर लॉन्च की गई गॉरमेट और स्पेशियलिटी ग्रॉसरी कैटेगरी में आठ गुना वृद्धि हुई है। इसमें कोल्ड-प्रेस्ड ऑयल, इम्पोर्टेड चीज, एवोकाडो की अंतरराष्ट्रीय किस्मों और कोरियन रेडी-टू-ईट मील्स की मांग देखने को मिल रही है। मेन्स ग्रूमिंग कैटेगरी सालाना आधार पर करीब 6 गुना बढ़ी है, जबकि पेट फूड कैटेगरी में 5 गुना वृद्धि हुई है। यह क्विक कॉमर्स के जरिए ग्राहकों द्वारा खरीदे जा रहे उत्पादों की बढ़ती विविधता को दर्शाता है।
भारत के लिए निर्माण: पार्टनर्स, किसान और पर्यावरण के अनुकूल पहल
फ्लिपकार्ट ने कहा कि अगस्त 2024 से अब तक फ्लिपकार्ट मिनट्स ने करीब 500 डी2सी ब्रांड्स का पार्टनर इकोसिस्टम तैयार किया है, जिससे इन ब्रांड्स को हाइपरलोकल मांग और नए ग्राहक वर्गों तक पहुंचने का अवसर मिला है। किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के साथ साझेदारी के जरिए प्लेटफॉर्म ने हजारों किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से भी जोड़ा है। इससे किसानों को नए बाजारों तक पहुंचने और अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में मदद मिली है।
फ्लिपकार्ट मिनट्स अधिक सस्टेनेबल डिलीवरी नेटवर्क बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है। अब लास्ट-माइल डिलीवरी का बढ़ता हिस्सा इलेक्ट्रिक वाहनों के जरिए पूरा किया जा रहा है और माइक्रो फुलफिलमेंट सेंटर्स में बैटरी-स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म ने प्रमुख फल एवं सब्जी कैटेगरी में हल्की कम्पोस्टेबल और बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग भी शुरू की है, जिससे वर्जिन प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

