वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत, फिच की सॉवरेन रेटिंग 'बीबीबी-' पर बरकरार

WhatsApp Channel Join Now
वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत, फिच की सॉवरेन रेटिंग 'बीबीबी-' पर बरकरार


वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत, फिच की सॉवरेन रेटिंग 'बीबीबी-' पर बरकरार


नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। वैश्विक रेटिंग एजेंसी फिच रेटिंग्स ने मंगलवार को भारत की सॉवरेन रेटिंग 'बीबीबी-' पर बरकरार रखी है। एजेंसी ने देश के लिए ‘स्थिर परिदृश्य’ भी बनाए रखा है। फिच ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न ऊर्जा संकट की चुनौतियों के बावजूद भारत की घरेलू अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है।

फिच ने कहा कि उसे अमेरिका-ईरान संघर्ष से जुड़ी हुई अनिश्चितता के कारण भारत की वृद्धि संभावनाओं पर कोई स्थायी खतरा होने की उम्मीद नहीं है। रेटिंग एजेंसी ने सबसे निचली निवेश ग्रेड रेटिंग ‘बीबीबी-‘ की पुष्टि करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था झटकों के प्रति जुझारू रही है और यह रुख आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।

एजेंसी ने कहा कि भारत की रेटिंग इसके मजबूत वृद्धि परिदृश्य और ठोस बाहरी वित्तीय बुनियादी सिद्धांतों को दर्शाती है। उसने 31 मार्च, 2027 को समाप्त होने वाले चालू वित्त वर्ष 2026-27 में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 6.4 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।

फिच रेटिंग्स के मुताबिक व्यापक आर्थिक स्थिरता प्रदान करने और नीतिगत विश्वसनीयता में सुधार के मजबूत रिकॉर्ड से निकट अवधि की ऊर्जा संकट संबंधी चुनौतियों के बावजूद निरंतर मजबूत वृद्धि को बल मिलना चाहिए और आर्थिक मजबूती बढ़नी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story