भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का पहला चरण मध्य जुलाई तक संभव: पीयूष गोयल
नई दिल्ली/विशाखापत्तनम, 05 जून (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत और अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते से जुड़ी सभी अधूरी बातों को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले महीने के मध्य तक इस समझौते का पहला चरण लागू हो जाने की संभावना है।
पीयूष गोयल ने यहां आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस को सबोधित करते हुए यह बात कही। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने बताया कि इस समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिकी दल दो से 4 जून तक नई दिल्ली में था। उन्होंने भारतीय दल के साथ संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
वाणिज्य मंत्री ने कहा, ‘‘मेरी भी उनसे मुलाकात हुई थी और हम सभी अधूरे मुद्दों को सुलझाने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। मुझे लगता है कि अगले महीने के मध्य तक हम समझौते के पहले चरण को बहुत अच्छे तरीके से लागू करने की स्थिति में होंगे।’’
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह हमारे द्विपक्षीय व्यापार समझौते का सिर्फ पहला चरण है, जिससे हमारे प्रतिस्पर्धियों की तुलना में भारत को तरजीही पहुंच मिलेगी।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस महीने के आखिर में एक उच्च-स्तरीय दल के भारत आने की उम्मीद है।
वहीं, जीडीपी के जारी आंकड़ों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की विकास की गति मज़बूत बनी हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 में 7.7 फीसदी की शानदार वास्तविक जीडीपी और 7.9 फीसदी जीवीए ग्रोथ के साथ हमारी अर्थव्यवस्था देशभर में नए अवसर पैदा कर रही है, इनोवेशन को बढ़ावा दे रही है और लोगों की आजीविका को मज़बूत कर रही है।
गोयल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' वैश्विक चुनौतियों का डटकर सामना कर रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे और वे समृद्ध बनें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

