फेडरल बैंक का दूसरी तिमाही में मुनाफा 45.10 फीसदी उछलकर 1386 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
फेडरल बैंक का दूसरी तिमाही में मुनाफा 45.10 फीसदी उछलकर 1386 करोड़ रुपये


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। निजी क्षेत्र के फेडरल बैंक लिमिटेड ने शुक्रवार को चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे का ऐलान कर दिया है। बैंक ने दूसरी तिमाही में अपने मुनाफा (शुद्ध लाभ) में 45.10 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है, जिससे यह उछलकर 1,386.09 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

फेडरल बैंक के मुनाफे में सालाना आधार पर मजबूत बढ़त दर्ज की गई है। बैंक का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 45.10 फीसदी बढ़कर 1,386 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 955 करोड़ रुपये रहा था। इसी तरह बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) सालाना आधार पर 26.4 फीसदी बढ़कर 3,153.4 करोड़ रुपये रही है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 2,495.2 करोड़ रुपये थी। बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन 26 आधार अंक बढ़कर 3.32 फीसदी हो गया है, जबकि जमा की लागत 39 आधार अंक घटकर 5.18 फीसदी हो गई।

बैंक ने कहा कि फेडरल बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता पिछले एक दशक के सबसे अच्छे स्तर पर रही है। इस दौरान बैंक का ग्रॉस सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) सुधरकर 1.32 फीसदी और शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) 0.17 फीसदी पर आ गए हैं, जो पिछले 10 वर्षों में सबसे निचले स्तर हैं। बैंक ने कहा कि सालाना आधार पर इनमें क्रमशः 51 बीपीएस और 31 बीपीएस का सुधार हुआ है।

केरल स्थित निजी क्षेत्र के बैंक ने सकल और शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्ति अनुपात को एक दशक में सबसे निचले स्तर पर दर्ज किया, जिसके चलते नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में सूचीबद्ध इसके शेयरों में भी 2.10 फीसदी की तेजी आई और वे 342.05 रुपये पर पहुंच गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story