देश का निर्यात मार्च महीने में 7.44 फीसदी घटकर 38.92 अरब डॉलर पर रहा

WhatsApp Channel Join Now
देश का निर्यात मार्च महीने में 7.44 फीसदी घटकर 38.92 अरब डॉलर पर रहा


नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स)। पश्चिम एशिया संकट के बीच देश का वस्तु निर्यात मार्च महीने में 7.44 फीसदी घटकर 38.92 अरब डॉलर रहा है। आयात भी 6.51 फीसदी घटकर 59.59 अरब डॉलर रह गया। इस दौरान देश का व्यापार घाटा 20.67 अरब डॉलर रहा।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे प्रमुख व्यापार मार्ग बाधित होने की वजह से आयात और निर्यात में कमी आई है। देश का वस्तु निर्यात मार्च में 7.44 फीसदी घटकर 38.92 अरब डॉलर रहा है। इस अवधि में आयात भी 6.51 फीसदी घटकर 59.59 अरब डॉलर रह गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 63.75 अरब डॉलर था। मार्च के दौरान देश का व्यापार घाटा 20.67 अरब डॉलर रहा।

उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश का निर्यात क्षेत्र अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान देश का वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात 4.22 फीसदी बढ़कर 860 अरब डॉलर रहा। उन्होंने कहा कि देश का वस्तु निर्यात 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2025-26 में एक फीसदी बढ़कर 441.78 अरब डॉलर रहा है, जो पिछले साल 437.7 अरब डॉलर था। इस दौरान आयात भी 774.98 अरब डॉलर हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में 721.2 अरब डॉलर था।

वाणिज्य सचिव ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में सेवाओं का निर्यात 418.31 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। अग्रवाल ने कहा कि 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध की वजह से मार्च में पश्चिम एशिया क्षेत्र को भारत का निर्यात 57.95 प्रतिशत घट गया। पिछले महीने इस क्षेत्र से कुल आयात में 51.64 फीसदी की गिरावट आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story