ईपीएफओ रविवार को 74वां स्थापना दिवस मनाएगा, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में मांडविया करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) रविवार को अपना 74वां स्थापना दिवस मनाएगा। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह का उद्घाटन करेंगे।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के 74वें स्थापना दिवस पर मांडविया कई प्रमुख डिजिटल सेवाओं को लॉन्च करेंगे, जिसमें एक हजार रुपये तक की शेष राशि वाले पात्र निष्क्रिय ईपीएफ खातों का स्वचालित निपटान और व्हाट्सएप के माध्यम से ईपीएफओ सेवाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. मंडाविया क्षेत्रीय कार्यालयों, आंचलिक कार्यालयों, तथा व्यक्तिगत अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देने के लिए 'भविष्य निधि पुरस्कार 2026' प्रदान करेंगे। इस समारोह में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय न्यासी बोर्ड के सदस्य, ईपीएफओ के अधिकारी और कर्मचारी, नियोक्ता, श्रमिक तथा अन्य हितधारक भी शामिल होंगे।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने कहा कि 74वें स्थापना दिवस का यह आयोजन इस बात को फिर से रेखांकित करता है कि ईपीएफओ का सफर केवल एक संस्था के विकास की कहानी नहीं है बल्कि यह एक निरंतर प्रतिबद्धता भी है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रमिकों की वर्षों की मेहनत का फल उन्हें और उनके परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और मानसिक शांति के रूप में मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

