डीआरआई ने दो अभियानों में करीब 18 किग्रा एम्फेटामाइन और एमडीएमए किया जब्त, 4 गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
डीआरआई ने दो अभियानों में करीब 18 किग्रा एम्फेटामाइन और एमडीएमए किया जब्त, 4 गिरफ्तार


नई दिल्ली, 29 अगस्त (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दो अलग-अलग खुफिया अभियानों में करीब 18 किलोग्राम सिंथेटिक ड्रग्स (एम्फेटामाइन और एमडीएमए) जब्त की है। कृत्रिम मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ की गई इस बड़ी कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वित्त मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि डीआरआई ने कृत्रिम मादक पदार्थों की तस्करी पर अपनी निरंतर कार्रवाई जारी रखते हुए 25 अगस्त को दो खुफिया अभियानों में बेंगलुरु में लगभग 14.9 किलोग्राम एम्फेटामाइन और पुणे में लगभग 2.53 किलोग्राम एम्फेटामाइन के साथ 878 ग्राम एमडीएमए टैबलेट जब्त किए। इनका कुल वजन 18 किलोग्राम से अधिक था।

राजस्व खुफिया निदेशालय ने इन दोनों मामलों में मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मंत्रालय के मुताबिक नवीनतम बरामदगी देशभर में चल रहे कृत्रिम नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने और तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए डीआरआई के गहन प्रयासों का हिस्सा है।

उल्लेखनीय है कि दो सप्ताह के भीतर डीआरआई ने पांच अभियानों में लगभग 150 किलोग्राम एम्फेटामाइन टाइप स्टिमुलेंट (एटीएस) नामक नशीले पदार्थ जब्त किए हैं, जिनमें भारत की उत्तर-पूर्वी सीमा पर दो अभियानों में 76 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन टैबलेट और सऊदी अरब के जेद्दाह के लिए भेजे जा रहे एक निर्यात खेप में मक्का/कॉर्न में मिलाकर छिपाए गए 55.86 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story