डीआरआई ने 15 किलो विदेशी सोना जब्त किया, 15 लोग गिरफ्तार
नई दिल्ली, 26 जून (हि.स)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। डीआरआई के कई स्थानों पर चलाए गए अपने अभियानों में 15 किलो विदेशी मूल का सोना जब्त किया, जबकि 15 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि विदेशी मूल के सोने की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में राजस्व खुफिया निदेशालय ने मुंबई हवाई अड्डे से संचालित एक अत्यंत संगठित सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान तलाशी में लगभग 1.5 किलोग्राम सोने के आभूषण, 45 किलोग्राम चांदी और भारतीय एवं विदेशी मुद्राएं बरामद हुईं।
मंत्रालय के मुताबिक इस हफ्ते के आरंभ में डीआरआई ने हैदराबाद, राजकोट, कालीकट, विशाखापत्तनम, गुवाहाटी और पेट्रापोल के अन्य एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और चुंगी चौकियों पर कई अभियान चलाए, जिसके परिणामस्वरूप कुल मिलाकर छह किलोग्राम विदेशी मूल का तस्करी किया हुआ सोना जब्त किया गया। इन अभियानों में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक कुल मिलाकर सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने के साथ इन अभियानों के परिणामस्वरूप करीब 15 किलो ग्राम सोना और 45 किलो ग्राम चांदी जब्त की गई है, जिनकी कीमत लगभग 23 करोड़ रुपये है, जबकि 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

