दिलीप कुमार ने सेल के मुख्य सतर्कता अधिकारी का कार्यभार संभाला

WhatsApp Channel Join Now
दिलीप कुमार ने सेल के मुख्य सतर्कता अधिकारी का कार्यभार संभाला


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स)। दिलीप कुमार ने सोमवार को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) का कार्यभार संभाल लिया।

इस्पात मंत्रालय के मुताबिक इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ मैकेनिकल इंजीनियर्स (आईआरएसएमई) के वरिष्ठ अधिकारी दिलीप कुमार ने आज स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उनके पास ट्रेन संचालन, रोलिंग स्टॉक रखरखाव और मानव संसाधन प्रबंधन में दो दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है।

मंत्रालय ने कहा कि दिलीप कुमार ने भारतीय रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिनमें पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के अपर मंडल रेल प्रबंधक और बिहार के नालंदा में हरनौत के मुख्य कारखाना प्रबंधक का पद शामिल है। उन्हें कई नवाचारों जैसे पूर्व मध्य रेलवे की पहली आईएसओ 9001 प्रमाणित ट्रेन, वैगन्स में इन-सिटु व्हील रिप्लेसमेंट तकनीक की शुरुआत करने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित मधुबनी रेलवे स्टेशन सौंदर्यीकरण परियोजना का श्रेय जाता है।

इस्पात मंत्रालय के मुताबिक आईआईटी, बीएचयू से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक कुमार को 'राष्ट्रीय उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार' 2016 और सर्वश्रेष्ठ नवाचार के लिए 'रेलवे बोर्ड का उत्कृष्टता प्रमाण पत्र' 2018-19 से सम्मानित किया जा चुका है। उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभवों में इनसीड सिंगापुर और आईक्लिफ कुआलालंपुर, मलेशिया से उन्नत प्रबंधन कार्यक्रम, और एआरआई शिकागो, यूएसए में वैगन बोगी डिजाइन का विशेष प्रशिक्षण शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story